ब्रेकअप के बाद...

निश्चित रूप से ब्रेकअप बेहद दुखदायी होता है। कोई भी लड़की या लड़का ब्रेकअप नहीं करना चाहता। ब्रेकअप करने से न सिर्फ आप एक अच्छा हमसफर खो देते हैं बल्कि ऐसा साथी खो देते हैं जो हर समय आपकी परेशानियों में साथ खड़ा था। लेकिन जब रिश्ता बेमानी हो जाए तो उसका ब्रेकअप होना ही भला है। हालांकि ब्रेकअप अपने पीछे कई सवाल पीछे छोड़ जाता है। खासकर बात लड़कियों की, की जाए तो वे कई सवाल अपने एक्स ब्वायफ्रेंड से जानना चाहती हैं। यहां हम ऐसे ही कुछ सवालों पर नजर डालेंगे जिन्हें हर लड़की जानना चाहती हैं।
क्या तुम मुझे मिस करते हो?

बेशक ब्रेकअप के पहले दोनों ब्वायफ्रेंड और गर्लफ्रेंड एक दूसरे को सैकड़ों बार ‘आई मिस यू’ कहते हों। लेकिन ब्रेकअप के बाद यह ऐसा पहला सवाल होता है जो लड़कियां खासकर अपने एक्स के विषय में जानना चाहती हैं। वे जानना चाहती हैं कि उनके बिना उनके एक्स की जिंदगी कितनी आबाद है? क्या वे उन्हें पहले की ही तरह मिस करते हैं या वे उन्हें ब्रेकअप के बाद सच में भूल गए हैं।
क्या अब तुम हमारे रिश्ते को एक गलती समझते हो?

रिश्ते का टूटना एक बात है। लेकिन टूटने के बाद उसे भूल समझना अलग बात। वास्तव में लड़कियों को जब यह लगता है कि उनके एक्स उनके साथ बने सालों के रिश्ते को अब किसी गलती की श्रेणी में रखते हैं तो वे बेहद आहत होती हैं। यही कारण है कि वे इस बात से वाकिफ होना चाहती हैं कि उनके एक्स ब्वायफ्रेंड की नजर में अब उनके टूटे रिश्ते की क्या एहमियत है। असल में लड़कियों के लिए बिखरे रिश्ते भी महत्वपूर्ण होते हैं। इसलिए वे उसकी स्थिति हर समय जानने को आतुर रहती हैं।
तुम्हें कब लगा कि हमें ब्रेकअप कर लेना चाहिए?

ये अजीब स्थिति है। ब्रेकअप होना तो दुखदायी होता ही है लेकिन ब्रेकअप की सोच और भी आहत करने वाली होती है। लड़कियां अपने रिश्ते के खत्म होने के बाद ये अकसर जानना चाहती हैं कि उनके एक्स को यह कब महसूस हुआ कि उन्हें अलग हो जाना चाहिए। उन्हें ऐसा कब लगा कि उनका रिश्ता अब काम नहीं कर सकता या फिर वे अब साथ नहीं रह सकते। आखिर ऐसा क्यों उनके जहन में आया और ऐसी क्या वजह रही कि वे ऐसा करने के लिए बाध्य हो गए?
क्या मेरे साथ रहना वाकई मुश्किल हो गया था?

लड़कियों को साथ रहते हुए अपनी गलतियों का एहसास अकसर कम होता है। लेकिन जब रिश्ते खात्मे की ओर बढ़ते हैं तब भी वे उसके बचे रहने की उम्मीद लगाए बैठी रहती हैं। अतः उनके जहन में ये सवाल अवश्य आता है कि क्या मेरे साथ रहना वाकई मुश्किल हो गया था। असल में उन्हें यह पता ही नहीं चलता कि उनका रिश्ता कमजोर हो चुका है। अब उस पर विराम लगने की देरी है। लेकिन जब विराम लग जाता है तब ये सोचकर हैरान रहती हैं कि आखिर क्या वे इतनी असहनीय हो चुकी थीं कि कोई उनके साथ रिश्ते में रहना तक नहीं चाहता।
क्या मुझसे अलग होकर तुम्हें अफसोस हुआ?

ये सवाल सिर्फ लड़कियां ही नहीं वरन लड़के भी जानना चाहते हैं कि क्या अलग होकर उनके एक्स पार्टनर को जरा भी अफसोस है? लड़कियां इस सवाल का जवाब इसलिए भी जानना चाहती हैं ताकि वे उन्हें एहसास हो कि वे वाकई किसी की जिंदगी के लिए अहम हिस्सा थीं। जबकि ब्रेकअप के बाद किसी को उनके खोने का अफसोस है। इससे वे ये भी अंदाजा लगाती हैं कि वे किसी की जिंदगी के लिए ताउम्र खास बनी रहेंगी।
क्या तुम आज भी वही सब करते हो जो मेरे साथ करते थे?

अकसर अपने एक्स को खोने के बाद उसके बारे में सोचते हुए ये सवाल जहन में कौंधता है। असल में वे अपने एक्स से वाकिफ होती हैं। वे जानती हैं कि जब उसका एक्स, पार्टनर बनकर साथ था तो उसे किसमें खुशी मिलती थी। लेकिन अलग होने के बाद इस सवाल का जवाब उन्हें यह जानने में मदद करता है कि उनका पार्टनर उन्हें कितना याद करता है। वास्तव में वे अपने एक्स की जीवनशैली के विषय में कुछ जानना चाहती हैं।
क्या तुमने मुझसे अलग होकर कुछ नया किया?

पुरानी चीजों से जुड़े रहने का मतलब है कि दोनों पार्टनर एक दूसरे से अलग होते हुए भी अलग नहीं हैं। जबकि कुछ अलग करने का मतलब है कि दोनों के रास्ते भिन्न हो चुके हैं। दोनों अब अपनी जिंदगी की शुरुआत नए सिरे से कर रहे हैं। यही कारण है कि हर लड़की अपने एक्स के विषय में जानना चाहती है कि उसके जीवन में कुछ नया हो रहा है या फिर वह अब भी पुरानी चीजों को भूल नहीं पाया।
तुमने अपनी नई गर्लफ्रेंड से मेरे बारे में क्या कहा?

पुराने रिश्ते का अंत और फिर अपने एक्स की नई शुरुआत। ये दोनों ही चीजें लड़की को गहरे तक आहत करती हैं। ऐसे में हर लड़की ये जानना चाहती है कि उसके एक्स ने अपनी नई गर्लफ्रेंड को उसके बारे में क्या बताया है? बताया भी है या नहीं। दरअसल वे जानना चाहती हैं कि ब्रेकअप के बाद क्या वह उसके जहन में किसी भी तरह मौजूद है, जिसे वह अपनी नई गर्लफ्रेंड से शेयर कर सके।