जंक फूड की लत से कैसे पायें छुटकारा

एक नये शोध के अनुसार, जंक फूड की लत तम्बाकू या नशे की लत की ही तरह होती है। यह समस्या सिर्फ युवाओं में ही नहीं बल्कि बच्चों में भी बढ़ती जा रही है। कई लोगों के लिए, जंक फूड पर आधारित आहार जीवन का तरीका बन गया है। हालांकि वे इसके नुकसान के बारे में जानते हैं, लेकिन बावजूद इसके वे अपनी आदतें बदल पाने में नाकाम रहते हैं।

आमतौर पर जंक फूड खाने वाले लोग इसके नुकसान को जानते हुए भी इसे छोड़़ नहीं पाते। उन्हें इसकी लत लग चुकी होती है, और इसलिए वे चाहकर भी इसे छोड़ नहीं पाते। वे यह मानते हैं कि इस तरह का भोजन उन्हें तमाम तरह की बीमारियां दे सकता है, लेकिन फिर भी वे खुद को असमर्थ पाते हैं। जंक फूड में अत्यधिक कार्बोहाइड्रेट, वसा और शर्करा होती है। इसमें अधिकतर तलकर बनाए जाने वाले व्यंजनों में पिज्जा, बर्गर, फ्रैंकी, चिप्स, चॉकलेट, पेटीज आदि मुख्य रुप से शामिल हैं। शराब या किसी अन्य नशे की तरह जंक फूड की लत हमारे स्वास्थ्य के लिए एक अविश्वसनीय रूप से खतरनाक स्थिति हो सकती है।

आमतौर पर जंक फूड में पाई जाने वाली चीनी, फैट और अन्य सामग्री हमें इन खाद्य पदार्थों का आदी बना देती हैं। चीनी और फैट की बहुत अधिक मात्रा में सेवन करने से हमारे शरीर से डोपामाइन नामक रसायन निकलता है, यह रसायन हमें बहुत अच्छा महसूस करवाता है। नतीजतन, हम अधिक बार अच्छा महसूस करना चाहते हैं इसलिए हम इसके आदी बन जाते हैं।

क्या भूख लगने पर आपकी बर्गर खाने की तीव्र इच्छा होती है? क्या फ्रैंच फ्राईज का खयाल आपको रेस्तरां तक ले जाता है? क्या आप इस बात को स्वीकार कर सकते हैं कि आपको फास्ट फूड की लत है। आइये फास्ट फूड की लत से पीछा छुड़ाने के कुछ तरीकों के बारे में जानें।

किसी भी लत को छोड़ने का सबसे पहला कदम होता है, समस्या को पहचानना और उसे स्वीकार करना। इसी तरह जंक फूड की समस्या से बचने के लिए सबसे जरूरी है समस्या को पहचानना। इसके लिए आहार डायरी आपकी मदद कर सकती है। इसमें दिनभर में लिये जाने वाले खाद्य पदार्थों के बारे में लिखकर आप भोजन की समग्र तस्वीर देख पायेगें और जान पायेगें कि दिन भर में आप कितना अस्वस्थ भोजन करते हैं।

जंक फूड की लत को छोड़ने के लिए आपको यह स्वीकार करना होगा कि यह आपकी सेहत के लिए काफी नुकसानदेह हैं। आपको मानना होगा इन नुकसानों की भरपाई करना आसान नहीं। इसके लिए आपको ऐसे व्यक्तिगत कारण खोजने होगें जो आपको इससे दूर रहने में सहायता कर सकें। एक बार कारण मिलने पर आपके लिए जंक फूड से पीछा छुड़ाना आसान हो जाएगा।

आप अपने हेल्दी भोजन का आनंद लें और अपना नजरिया बदलिये कि हेल्दी भोजन भी अगर अच्छे तरीके से बनाया जाएं तो जंक फूड की तरह स्वादिष्ट हो सकता है। आप विभिन्न मसालों के साथ घर में बने हुए भोजन में भी वही स्वाद ला सकते हैं। आपको पता भी नहीं चलेगा कि आप कब जंक फूड छोड़कर इसके आदी हो गए।

जंक फूड की आदत को छोड़ने के लिए यह जानना भी बहुत जरूरी है कि आप जंक फूड क्यों और कब खाते हैं। हमारे खाने की आदतें अक्सर बाहरी कारको द्वारा नियंत्रित होती हैं, जैसे काम और जीवन की प्रतिबद्धताओं, तनाव, आराम की जरूरत, समय की कमी या लालसा। यह पहचानने के बाद कि आप कब जंक फूड की ओर आकर्षित हो रहे हैं यह देखना भी जरूरी है कि यह जीवनशैली के कौन से कारक आपके खाने के विकल्पों को प्रभावित कर रहे हैं। यह सब जानने के बाद आप आसानी से इस लत से छुटकारा पा सकते हैं।

अगर खाद्य पदार्थ आपको लुभाने के लिए आपके आस-पास नहीं है तो इसे खाने की संभावना कम ही होती है। इसलिए अस्वस्थ जंक फूड और स्नैक्स खरीदने से बचें और इनके स्थान पर स्वस्थ विकल्पों को अपनाएं।

किसी की मदद से आसानी से किसी भी लत को छोड़ा जा सकता हैं। एक स्वस्थ विकल्प को अपनाने के लिए कई बार आप अकेले हिम्मत नहीं जुटा पाते। इसके लिए दूसरों की मदद लेने में कोई बुराई नहीं। आप अपने दोस्तों और परिवार के अन्य लोगों की सहायता ले सकते हैं। वे आपको प्रेरित कर सकते हैं कि इस प्रकार का भोजन आपकी सेहत पर बुरा असर डाल रहा है और आपके लिए इसे छोड़ना ही बेहतर है।

जंक फूड की लत का इलाज करने और उसकी लालसा को शांत करने के लिए जंक फूड की जगह किसी स्वस्थ विकल्प को लेने की कोशिश करें। अगर आपको मीठे खाद्य पदार्थ की लत हैं तो ताजे फल या छोटी सी मात्रा में ड्राई फ्रूट लें और अगर आपको नमकीन स्नैक्स खाने की आदत है तो आप मुट्ठी भर नट्स ले सकते हैं।

ब्लड प्रेशर में कमी होने पर आपको मीठा और फैट से भरपूर खाद्य पदार्थ खाने की इच्छा होती है। इसलिए ब्लड प्रेशर के स्तर को स्थिर बनाए रखने के लिए अपने हर भोजन में वसा प्रोटीन, साबुत और कम जीआई कार्बोहाइड्रेट जैसे खाद्य पदार्थों को जरूर शामिल करें।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।