स्कैल्प इंफेक्शन को रोकने के उपाय
स्कैल्प इंफेक्शन होने पर स्कैल्प पर लगातार खुजली, बालों का झड़ना और धब्बे के रूप में लालिमा बनी रहती है। लेकिन आप यहां दिये उपायों की मदद से इन इंफेक्शन को रोक सकते हैं।

खुजली और परेशानी पैदा करने वाले फंगल इंफेक्शन के कारण स्कैल्प प्रभावित हो सकता है। टिनिअ कैपिटिस या रिंगवार्म, स्कैल्प को प्रभावित करने वाले सबसे आम फंगल इंफेक्शन में से एक है। इस तरह के इंफेक्शन से स्कैल्प पर लगातार खुजली, बालों का झड़ना और धब्बे के रूप में स्कैल्प में लालिमा बनी रहती है। यह इंफेक्शन आपके परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों या दोस्तों के बीच में फैल सकता है। लेकिन आप यहां दिये उपायों की मदद से इन इंफेक्शन को रोक सकते हैं। ध्यान रहें कि इन उपायों को चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। इंफेक्शन रोकने के लिए आप इन उपायों को कर सकते हैं। लेकिन अगर समस्या बहुत ज्यादा बिगड़ी हुई है तो उचित चिकित्सा देखभाल के लिए त्वचा विशेषज्ञ या हेयर विशेषज्ञ को तुरंत दिखाये।

फंगल इंफेक्शन को रोकने का सबसे अच्छा उपाय अपने स्कैल्प की स्वच्छता को बनाये रखना है। आप नियमित रूप से अपने स्कैल्प की हल्के शैम्पू और कंघी की मदद से अपने सिर को साफ करें। अपने कंघे को सूक्ष्मजीवों से दूर रखने के लिए नियमित रूप से इसे साफ करें। साथ ही बाल कटवाने के बाद बालों को शैम्पू करें और अपने या अपने बच्चों के बालों में कंघा करने के बाद अपने हाथों को अच्छे से धो लें। फंगल स्कैल्प इंफेक्शन का संदेह होने पर आप सेलेनियम सल्फाइड शैम्पू का उपयोग कर सकते हैं।

स्कैल्प को खरोंचने से बचें क्योंकि चोट और घाव के कारण फंगल इंफेक्शन से ग्रस्त होने की संभावना बढ़ जाती है। साथ ही स्कैल्प को नुकसान पहुंचाने से बचाने के लिए नर्म दांतों वाले ब्रश का उपयोग करना चाहिए। आप खुजली को कम करने के लिए नाखून से खरोंचने की बजाय स्कैल्प पर गर्म ऑलिव या नारियल के तेल से मालिश कर सकते हैं।

आप अपन व्यक्तिगत देखभाल की चीजों को अपने परिवार के सदस्यों या दोस्तों के साथ शेयर न करें। ऐसा करने से इंफेक्शन होने या इंफेक्शन के आसानी से फैलने का खतरा बना रहता है। इसलिए तौलिये और हेयर ब्रश जैसे चीजों को शेयर करने के लिए हमेशा मना किया जाता है।

आप अपने पालतू जानवरों के माध्यम से आसानी से संक्रमित हो सकते हैं। इसलिए, नियमित रूप से अपने पालतू के बालों को कीटाणुरहित रखना बहुत महत्वपूर्ण होता है। यदि जरूरी हो, तो दवा लाने के लिए उसे पशु चिकित्सक के पास ले जायें और संक्रमित पालतू को नंगे हाथों से छूने से बचें।

इन सब के अलावा, अस्वस्थ आहार और डिहाइड्रेशन भी स्कैल्प के खतरे को बढ़ा देता है। इसलिए स्कैल्प इंफेक्शन को रोकने की कोशिश करते समय आपको इन कारकों पर भी ध्यान देना चाहिए। अपने बालों को ड्राई न रखें और बार-बार बालों में हीट ट्रीटमेंट का उपयोग करने से बचें।
Image Source : Getty
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।