सर्दियों में अंगुलियों की सूजन दूर करें किचन के इन सामानों से!
अगर आप भी सर्दियों में अंगुलियों की सूजन से परेशान रहते है तो इस समस्या का समाधान आपकी किचन में ही मौजूद हैं। आइए जानें क्या है वह उपाय.....

आपने नोटिस किया होगा कि सर्दियों के आते ही कुछ लोगों के हाथ और पैरों की अंगुलियों में सूजन आने लगती है। अंगुलियों में सूजन के साथ ही लाली भी आ जाती है और इसमें जलन के साथ-साथ खुजली भी होती है। और कई बार उनमें दर्द भी होता है। ऐसा अधिक ठंड के कारण शरीर के उन हिस्सों की नसें सिकुड़ जाने के कारण होता है जो ठंड के प्रत्यक्ष संपर्क में आती हैं। इसके चलते ब्लड सर्कुलेशन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है और उन हिस्सों में सूजन आ जाती है। अगर आप भी सर्दियों में इस समस्या से परेशान रहते है तो इस समस्या का समाधान आपकी किचन में ही मौजूद हैं। आइए जानें क्या है वह उपाय......

ठंड के दिनों में सरसों का तेल गर्माहट के लिए रामबाण इलाज है। चार चम्मच सरसों के तेल में एक चम्मच सेंधा नमक मिलाकर गर्म करें। रात को इस तेल को अंगुलियों पर लगाकर मोजे पहनकर सोने से सूजन मिट जाती है। सेंधा नमक की जगह काली मिर्च का भी प्रयोग कर सकते हैं। या सरसों या जैतून के तेल को गुनगुना कर लें। इस तेल से पांच मिनट तक अंगुलियों की मालिश करें। आपको आराम मिलेगा।

प्याज में एंटी-बायोटिक और एंटी-सेप्टिक गुण पाए जाते हैं। ये अंगुलियों में होने वाली खुजली और सूजन से राहत दिलाता है। इसके रस को अंगुलियों की सूजन पर लगाने से आराम मिलता है। हाथों की अंगुलियां सूजने पर नींबू का रस लगाएं। ये जलन से राहत दिलाता है और सूजन कम करता है।

सर्दियों के मौसम में पैर और हाथों की अंगुलियों में सूजन होने लगती है। इस समस्या से बचने के लिए मटर एक अच्छा उपाय है। अंगुलियों में सूजन होने पर मटर को पानी में उबाले। जब भी आप पैरो को धोएं तो इस पानी का प्रयोग करें। इससे पैरो की अंगुलियों की सूजन कम होने लगेगी।

हल्दी को ज्यादातर समस्याओं का रामबाण इलाज माना जाता है। जैतून के तेल में आधा चम्मच हल्दी मिलाकर पेस्ट तैयार कर लें। अब इसे सूजन पर लगाएं और थोड़ी देर बाद गुनगुने पानी से धो लें। इससे सूजन कम होती है और दर्द से भी राहत मिलती है। इसके अलावा आलू काटकर उसमें नमक मिलाएं और इसे सूजी हुई अंगुलियों पर लगाएं। आपको असर दिखाई देगा, लेकिन भोजन में नमक कम इस्तेमाल करें।
Image Source : Getty
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।