पुरुषों में मुंहासों की समस्या

शरीर में हार्मोनल बदलाव के कारण होने वाली मुंहासों की समस्‍या आज सिर्फ किशोरों की समस्‍या नहीं रह गई है। बढ़ते प्रदूषण, अनियमित खान-पान, तनाव और नशे की आदत के कारण यह समस्‍या हर उम्र के लोगों में आम हो चुकी है। इससे महिला और पुरूषों दोनों ही अछूते नहीं हैं। पुरुष इससे निजात पाने के लिए बाजार में उपलब्‍ध उपाय अजमाते हैं। लेकिन आपके घर में कई ऐसे उपाय हैं, जिनसे आप इस समस्‍या से निजात पा सकते हैं। आइए जानें पुरूषों के लिए मुंहासे दूर करने के घरेलू उपायों के बारे में।
नींबू का रस

पुरुषों की त्‍वचा महिलाओं के मुकाबले थोड़ी सख्‍त होती है, इसलिए उनके लिए उपाय भी महिलाओं से अलग होते है। पुरुषों के लिए मुंहासे ठीक करने के लिए नींबू का रस बहुत ही फायदेमंद होता है। नींबू चेहरे से एक्सट्रा ऑयल को खींच लेता है। नींबू के रस को चार गुना ग्लिसरीन में मिलाकर चेहरे पर रगड़ने से कील-मुंहासे ठीक हो जाते है।
दालचीनी और शहद का लेप

दालचीनी और शहद का लेप पुरुषों में मुंहासों पर जादू का काम करता है। दो सप्‍ताह तक इसका नियमित इस्‍तेमाल मुंहासे दूर कर देता है। इसे लगाने के लिए तीन बड़े चम्मच शहद तथा एक बड़ा चम्मच दालचीनी पाउडर मिलाकर लेप तैयार कर लें। सोने से पहले इस लेप को मुंहासों पर लगाएं और अगली सुबह गुनगुने पानी से धो लें।
जायफल का प्रयोग

मुंहासे होने पर जायफल को दूध के साथ पीसकर या एक चम्मच जायफल तथा चौथाई काली मिर्च को दूध में मिलाकर लेप तैयार कर लें। अब पुरुष इस लेप को मुंहासों पर लगाएं। फिर यह बिल्कुल जादुई सा असर दिखाता है। इस लेप से मुंहासे सख्त नहीं हो पाते और दब जाते है और कील-मुंहासे बिना कोई निशान छोड़ गायब हो जाते हैं।
काली मिर्च और गुलाब जल का लेप

काली मिर्च मुंहासों को दूर करने में कारगर होता है। इससे कील मुंहासे और झुर्रियां साफ होकर चेहरा चमकने लगता है। इसके लिए बीस-पच्चीस दाने काली मिर्च गुलाब जल में पीसकर रात को चेहरे पर लगायें सुबह गर्म पानी से धो लें।
नारियल तेल का प्रयोग

पुरुषों में होने वाले मुंहासों के लिए न‍ारियल का तेल उपयोगी होता है। नारियल तेल में पाये जाने वाले कुछ खास तत्‍व मुंहासों को दूर करने में मदद करते हैं। नारियल तेल को सीधे चेहरे पर लगाने से मुंहासे आसानी से दूर हो सकते हैं।
कलौंजी का लेप

कलौंजी के लेप का प्रयोग कुछ दिन लगातार करने से पुरुषों के चेहरे से मुंहासे दूर हो जाते हैं। इसके लिए सिरके में कलौंजी को पीसकर लेप बनाएं और इसे रोजाना सोने से पहले अपने मुंहासों और पूरे चेहरे पर मलें। सुबह पानी से साफ कर लें। इस प्रयोग को कुछ दिनों तक लगातार करने से चेहरे पर बहुत प्रभाव पड़ता हैं।
कच्चे दूध का इस्तेमाल

मुंहासों के लिए पुरुषों को रात के समय सोने से पहले कच्चे दूध को चेहरे पर मलना चाहिए और सुबह के समय उठकर चेहरे को अच्छी तरह से धो लेना चाहिए। इससे मुंहासे जल्दी ही ठीक हो जाते हैं।
दही और काली चिकनी मिट्टी का पैक

मुंहासों की समस्‍या से बचने के लिए पुरुष दही और काली चिकनी मिट्टी का बना फेस पैक लगाएं। इसके लिए वह दही में काली चिकनी मिट्टी को मिला लें और इस उबटन को अपने चेहरे पर लगाएं। उबटन के सुखने पर इसे धो लें। इस प्रकार की क्रिया कुछ दिनों तक करने से मुंहासे जल्दी ठीक हो जाते हैं।
लहसुन का सेवन

लहसुन की 2-3 कली प्रतिदिन लगातार 2-3 महीने सुबह खाली पेट खाने से रक्‍त शुद्ध होता है, जिससे मुंहासे नहीं होते। साथ ही कच्चे लहसुन की कली को पीसकर उसे दिन में 3-4 बार मुंहासों पर लगाने से मुंहासे थम जाते हैं। चेहरे की त्वचा के काले निशान भी मिटते हैं।