कपूर के स्वास्थ्य लाभ
कपूर का नाम सुनते ही हम उसके धार्मिक उपयोग के बारे में सोचने लगते हैं, लेकिन इसमें तमाम औषधीय गुण मौजूद हैं। ये गुण हमारे लिए काफी उपयोगी होते हैं।

कपूर का अपना धार्मिक महत्व है। पूजा-पाठ और अन्य कई धार्मिक कार्यों के लिए इसका इस्तेमाल किया जाता रहा है। लेकिन, इसके साथ ही यह हमारी सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद होता है। कपूर का सही इस्तेमाल कर कई स्वास्थ्य समस्याओं को दूर किया जा सकता है। साथ ही साथ यह हमारे रूप सौंदर्य के लिए भी काफी फायदेमंद होता है।

कपूर त्वचा और मांसपेशियों और ऊतकों में सूजन कम करने में मदद करता है। जोड़ों के पुराने दर्द से निजात दिलाने में कपूर बहुत गुणकारी औषधि है। कपूर का तेल से मालिश करने से दर्द दूर हो जाता है। इसके अलावा कपूर का इस्तेमाल कई दवाओं में भी किया जाता है। कई दर्द निवारक बाम बनाने में भी कपूर का इस्तेमाल किया जाता है।

भारतीय और चीनी इलाज पद्धतियों में लंबे समय से कपूर का इस्तेमाल होता चला आया है। यह मांसपेशियों मं दर्द और गठिया आदि को दूर करने में मदद करता है। इतना ही नहीं कुछ शोध यहां तक दावा करते हैं कि कपूर कोलेस्ट्रॉल को कम करने में भी मददगार होता है।

यदि आप पेट दर्द और बेचैनी से परेशान हैं, तो कपूर आपके लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। पेट दर्द होने पर कपूर और अजवायन और पुदीने को शर्बत में मिलाकर पीने से पेट दर्द समाप्त हो जाता है और हाजमा भी अच्छा रहता है।

यदि दुर्घटनावश आपका हाथ अथवा शरीर का कोई अंग जल गया है, तो उस पर कपूर या उसका तेल लगाइये। कपूर में जलन को शांत करने के गुण होते हैं। जले पर कपूर लगाने से जलन खत्म होती है और राहत मिलती है।

कपूर पर हुए शोध इस बात को प्रमाणित करते हैं कि इसमें एंटी-ऑक्सीडेंट गुण होते हैं। इसके कारण यह लिवर की बीमारियां, डायबिटीज और दिल की बीमारियों से बचाने में मदद करता है। कई लोग तो यह भी दावा करते हैं कि कपूर में कैंसररोधी गुण भी पाये जाते हैं।

गठिया के मरीजों के लिए भी कपूर फायदेमंद है। गठिया होने पर कपूर के तेल की मालिश करने पर आराम मिलता है। कपूर में सूजन कम करने के गुण मौजूद होते हैं, इसलिए यदि आप मांसपेशियों की चोट पर भी इसका इस्तेमाल करते हैं तो आपको बहुत फायदा होगा।

शरीर में खुजली होने पर आपको बहुत परेशानी होती है। लेकिन, कपूर में इस खुजली को दूर करने के कुदरती गुण मौजूद होते है। खुजली होने पर कपूर का प्रयोग कीजिए। खुजली वाली त्वचा पर लगाइये खुजली होना बंद हो जाती है और आपको राहत मिलती है।

त्वचा के लिए कपूर बहुत फायदेमंद है। कपूर कोशिकाओं को मजबूत बनाकर उन्हें जरूरी पोषण देता है। इससे हमारी त्वचा में निखार आ जाता है और आपका रूप निखरकर सामने आता है।

कपूर, आजवायन और पिपरमेंट को बराबर मात्रा में लीजिए, इनको एक शीशी में डालकर मिला लीजिए और उस शीशी को धूप में रख दीजिए। बीच-बीच में इस घोल को हिलाते रहिए। इसकी चार से आठ बूंदें बताशे में या चीनी के शर्बत में मिलाकर दस्त के रोगी को दीजिए। इससे दस्त में आराम मिलेगा।

कपूर पर हुए शोध बताते हैं कि इसमे अनुवांशिक स्तर पर नुकसान पहुंचाने वाले विषैले पदार्थों (जेनोटॉक्सिटी) से बचाने के गुण मौजूद होते हैं। जानवरों पर हुए शोध में यह बात सामने आयी है कि कपूर के इस्तेमाल से जेनोटॉक्सिटी के खतरे को कम किया जा सकता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।