हैप्पी बर्थडे अनिल कपूर

24 दिसंबर, 1956 को पैदा हुए अनिल कपूर आज भी बॉलीवुड में सभी एक्टर्स के बीच में सबसे ज्यादा यंग लगते हैं। वे चालीस साल से अधिक की उम्र बॉलीवुड में गुजार चुके हैं, लेकिन आज भी उनके अंदर काम के एक्साइटमेंट को देखकर लगता है कि अभी तो उन्होंने बॉलीवुड में एंट्री ही ली है। हर काम में वही पहले जैसा जोश, हर नई चीज को सीखने की ललक, चेहरे पर हमेशा चमक और होठों पर स्माइल... हमेशा इतना एनर्जेटिक रहना हर किसी के बस की बात नहीं। तो आइए उनके बर्थडे में खुद उनसे ही जानते हैं कि कैसे वे साठ की उम्र में इतने फिट हैं और क्या है उनके ऊर्जावान होने का राज।
मीठा नहीं खाते

अनिल कपूर के अनुसार यंग और हैंडसम दिखने का सबसे अच्छा तरीका है मीठे से दूर रहो। अनिल कपूर भी यही करते हैं। जब अनिल कपूर से पूछा गया कि वे इतने यंग कैसे दिखते हैं तो उन्होंने कहा, इसके पीछे कई सारे कारण हैं। लेकिन इसका सबसे मुख्य कारक मेरा अच्छा और हेल्दी खानपान है। आप जो खाते हैं उसका असर आपके चेहरे पर भी दिखता है। इसलिए अच्छा खाएं और मीठे से दूर रहें। मीठा स्वास्थ्य और दिल, दोनों के लिए बहुत खतरनाक है। जितना कम मीठा आप लेंगे उतनी हेल्दी लाइफ आप जिओगे।
सुबह उठते हैं जल्दी

हमेशा एक्टिव और एनर्जेटिक रहने का कारण है सुबह जल्दी उठना। अनिल कपूर हमेशा सुबह छह बजे उठ जाते हैं और एक घंटे के लिए साइक्लिंग करते हैं। उसके बाद दस मिनट के लिए कार्डियो एक्सरसाइज करते हैं। फिर थोड़ा आराम करते हैं और 30 से 45 मिनट तक हॉट योगा करते हैं। अनिल कपूर स्वस्थ रहने के लिए योगा को काफी जरूरी मानते हैं।
जिम में बिताते हैं 2 घंटे

आज भी अनिल कपूर काफी सारे यंग एक्टर की तुलना में ज्यादा फिट हैं। इसका कारण है कड़ी मेहनत। अनिल कपूर आज भी फिट रहने के लिए रोजाना 2 से 3 घंटे जिम में बिताते हैं और शरीर के अलग-अलग हिस्सों के अनुसार वर्कआउट करते हैं। इसलिए इनकी बॉडी इतनी अधिक टोन है। बोरियत से बचने के लिए अनिल कपूर हर सप्ताह वर्कआउट में कुछ ना कुछ बदलाव करते रहते हैं।
हमेशा अच्छा सोचो

अनिल कपूर की एनर्जी और यंग दिखने का मुख्य कारण है उनकी सकारात्मक सोच। वे हमेशा अच्छा सोचते हैं। अनिल कपूर कहते हैं, ''मैं अभी भी अपने आपको 24 का समझता हूं और हमेशा कुछ नया ट्राय करने के लिए बेताब रहता हूं। मुझे खाली बैठना बिल्कुल पसंद नहीं।''