दांतों की सफेदी के लिए फल

सफेद और मजबूत दांत किसी की भी खूबसूरती में चार-चांद लगा सकते है। लेकिन, आपके दांत अगर साफ न हों, तो मुस्कुराहट शर्मिंदगी का कारण बन सकती है। लेकिन, जरा सी मेहनत और देखभाल आपके चेहरे पर ला सकती है एक मुस्कान और आपके व्यक्तित्व में लगा सकती है चार चांद। अगर आप अपने दांतों को स्वस्थ और चमकदार बनाने के उपायों की खोज कर रहे हैं तो कुछ फल आपकी इस खोज को पूरा कर सकते हैं। आइए दांतों को चमकाने वाले ऐसे ही कुछ फलों के बारे मे जानें।
ब्रोमेलेन से भरपूर अनन्नास

अनन्नास एकमात्र ही ऐसा आहार है जिसमें प्राकृतिक तौर पर ब्रोमेलेन पाया जाता है। ब्रोमेलेन एक ऐसा पदार्थ है जो दांतों की सफेदी बढ़ाने में बहुत मददगार होता है। दिनभर पाइनएप्‍पल की एक फांक को खाने से दांतों में चमक लौटने लगती है।
स्ट्रॉबेरी से पायें कुदरती चमक

स्‍ट्राबेरी में मैलिक एसिड की मौजूदगी दांतों का स्‍टेन निकालने में मददगार होता है। ये कुदरती तौर पर दांतों में चमक लाता है। साथ ही इसमें मौजूद विटामिन सी दांतो में पीलापन और दाग धब्बे हटाने में मददगार होता है। चूंकि यह फल बहुत स्वाद वाला होता है इसलिए आप इसका प्रयोग मजे मजे में कर सकते हैं। दांतों को मोतियों की तरह चमकाने के लिए एक स्ट्रॉबेरी लें, उसमें थोड़ा सा बेकिंग सोडा मिलाएं। अब इसे दांतों में लगाकर पांच मिनट बाद साफ कर लें।
मैलिक एसिड से भरपूर सेब

दिन में एक बार सेब चबाना आपके दांतों के लिए स्क्रबर का काम करता है। सेब में बड़ी मात्रा में मैलिक एसिड पाया जाता है। इससे मुंह में सलाइवा बनने में मदद मिलती है। इससे दांत साफ होते हैं और पीले निशान तेजी से कम होते हैं। इसके अलावा सेब को छिलके समेत खाने से अधिक लार निर्मित होती है। जिससे दांतों को सुरक्षा और मजबूती मिलती है।
दांतों की गंदगी हटाये केला

सफेद दांत पाने के लिए केले का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। केले में पोटेशियम, मैग्नीशियम और मैग्नीज बहुत अधिक मात्रा में होता है। दांतों की गंदगी को हटाने में यह विशेष कारगर है। केला खाने से दांतों में फंसा अन्य खाना निकलता है। इसके साथ ही केले से दांतों में भी चमक आती है। केले को पीस कर इसका पेस्ट बना लें। इसके पेस्ट से दांतों को रोज एक मिनट तक मसाज करें। उसके बाद दांतों को ब्रश करें। रोजाना ये उपाय करने से धीरे-धीरे दांतों का पीलापन खत्म हो जाता है।
विटामिन सी का स्रोत तरबूज

तरबूज में आयरन, मैगनीशियम, कैल्‍शियम, मैगनीज, जिंक, पोटैशियम और आयो‍डीन होता हैं जो दांतों के स्‍वास्‍थ्‍य के लिए बहुत फायदेमंद होता है। साथ ही तरबूज विटामिन सी का बहुत अच्छा स्त्रोत है। दांतों की सफाई के लिए इसका सेवन बहुत फायदेमंद है। Image Source : Getty