
आयुर्वेद में कई बीमारियों का इलाज बिना कड़वी दवाओं का सेवन किए हो जाता है। भुने लहसुन को आयुर्वेद में औषधीय रूप में प्रयोग किया गया है। राष्ट्रीय समाज एवम धर्मार्थ सेवा संस्थान के आयुर्वेदाचार्य डॉ. राहुल चतुर्वेदी का कहना है कि लहसुन में एंटीबायोटिक, एंटीफंगल और एंटीवायरल गुण पाए जाते हैं। इस कारण यह वायु रोगों के अलावा पेट व दिल के लिए भी लाभदायक होता है। आयुर्वेदाचार्य ने लहसुन को भूनकर खाने के 9 फायदे बताए।
दिल को रखे स्वस्थ

आयुर्वेदाचार्य राहुल चतुर्वेदी का कहना है कि सुबह खाली पेट लहसुन को भूनकर खाने से दिल से जुड़ी परेशानियां दूर होती हैं। लहसुन खाने से हृदय में रक्त संचार ठीक होता है। साथ ही भुने लहसुन के सेवन से कोलेस्ट्रोल कम होता है, जो स्वस्थ हृदय के लिए जरूरी है।
ब्लड प्रेशर रखे नियंत्रित

बदलती जीवनशैली में ब्लड प्रेशर एक आम परेशानी है। किसी का ब्लड प्रेशर लो रहता है तो किसी का बढ़ा हुआ। यह दोनों ही परिस्थितियां स्वस्थ हृदय के लिए जरूरी हैं। डॉ. राहुल चतुर्वेदी का कहना है कि रोजाना दो कलियां भुने हुए लहसुन की खाने से ब्लड प्रेशर सामान्य रहता है।
वायु रोगों में लाभकारी

गैस बनना आज के समय में एक आम परेशानी है। शरीर में वायु रोगों में पेट में गैस, हड्डियों में गैस आदि होती है, इन परेशानियों से निपटने के लिए आप भुने हुए लहसुन का सेवन कर सकते हैं। कच्चा लहसुन सभी के लिए खाना मुनासिब नहीं हो पाता, ऐसे में उसे भूनकर खाने से खाना आसान होता है। तब लहसुन ज्यादा कड़वा नहीं लगता।
गठिया में लाभकारी

गठिया की समस्या बड़ी दुखदायी होती है। मौसम बदलते ही यह ज्यादा परेशान करती है। भुने हुए लहसुन को खाली पेट खाने से गठिया से लेकर जोड़ों के दर्द की अन्य समस्याओं में भी यह फायदेमंद होता है। भुना लहसुन की बीमारियों को भी दूर करता है। साथ ही यह दांत के दर्द में भी आरामदायक है।
पेट के कीड़े मारे

छोटे बच्चों के पेट में कीड़े हो जाते हैं। बहुत छोटे बच्चे पेट के कीड़ों की परेशानी को शब्दों में बयां नहीं कर पाते, इसलिए वे रोते ज्यादा हैं। पेट के कीड़ों को मारने में लहसुन भूनकर खाने में ज्यादा लाभकारी है। बच्चे कच्चा लहसुन खा नहीं पाएंगे, इसलिए उन्हें लहसुन को भूनकर गर्म पानी के साथ दें। लहसुन की दो कलियां सुबह खाली पेट खाने से पेट के कीड़ों की समस्या दूर होती है।
रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाए

आयुर्वेदाचार्य राहुल चतुर्वेदी का कहना है कि शरीर में विषाणुओं के प्रकोप को कम करने में भुन लहसुन ज्यादा लाभकारी है। लहसुन में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले गुण होते हैं। उनका कहना है कि दो लहसुन से ज्यादा न लें और अगर कश्मीरी लहसुन है तो 3 से ज्यादा लें। सुबह गर्म पानी से ही लहसुन का सेवन करें।
पाचन क्रिया रखे ठीक

पेट में कब्ज, अपच, जलन, गैस आदि परेशानी होने पर भुन हुआ लहसुन बहुतर कारगर तरीके से काम करता है। पेट खराब होने या इन्फेक्शन होने पर लहसुन भूनकर खाएं, इससे आपको परेशानी में जल्द आराम मिलेगा। भुने हुए लहसुन को खाने से शरीर का तापमान सामान्य रहता है।
सर्दी, खांसी, जुकाम से राहत

बदलते मौसम के साथ सर्दी, खांसी, जुकाम जैसी परेशानियां होने लगती हैं। साथ ही इम्युनिटी कमजोर होने लगती है। इस परेशानी से निपटने में भी भुना हुआ लहसुन काम करता है। रोजाना गर्म पानी के साथ खाली पेट इसके सेवन से फायदा मिलता है।
मुंह की बदबू मिटाए

लहसुन में एंटीबैक्टीरियल गुण पाए जाते हैं इसलिए यह ओरल हेल्थ के लिए भी फायदेमंद होता है। मुंह से आने वाली बदबू को दूर करने में भुन हुआ लहसुन कारगर है। लहसुन को भूनकर खाने से वजन भी नियंत्रित रहता है। पर ध्यान रहे कि दिन में 2 कलियों से इसका सेवन न करें। इसे चबाकर खाएं।