कोलेस्ट्रॉल युक्त खाने से बचें

स्वस्थ शरीर को एक निश्चित मात्रा मे कोलेस्ट्रॉल की जरुरत होती है। जब शरीर में कोलेस्ट्रॉल का स्तर बढ़ जाता है तो आर्टरी ब्लॉकेज, दिल का दौरा और दिल संबंधी अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। कोलेस्ट्रॉल लीवर से उत्पन्न होने वाला एक मोम जैसा पदार्थ होता है। यह मनुष्यों और पशुओं के शरीर में मौजूद होता है। आज की जीवनशैली में हम ऐसे आहार बहुतायत में खाने लगे हैं जिनसे हमारे शरीर का कोलेस्ट्रॉल स्तर बढ़ जाता है। आइये जानते हैं कि ऐसे कौन से आहार हैं जिनमें उच्च मात्रा में कोलेस्ट्रॉल पाया जाता है, और जिन्हें खाने से आपको बचना चाहिए।
मक्खन

टोस्ट के साथ मक्खन, या फिर परांठे के ऊपर मक्खन। हम में से अधिकतर लोगों का नाश्ता मक्खन के बिना होता ही नहीं है। खासतौर पर भारतीय लोग मक्खन काफी खाते हैं। लेकिन शायद आपको इस बात का अंदाजा नहीं कि आपके नाश्ते को मजेदार बनाने वाला मक्खन किस तरह से आपकी सेहत के लिए बुरा साबित हो सकता है। मक्खन में उच्च मात्रा में कोलेस्ट्रॉल मौजूद होता है। एक अनुमान के अनुसार, एक पैक मक्खन में 215 मि.ग्रा. कोलेस्ट्रॉल होता है।
अंडे की जर्दी

आपने अक्सर देखा होगा कि कई लोग सिर्फ अंडे का सफेद हिस्सा खाते हैं, अंडे की जर्दी को छोड़ देते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि अंडे की जर्दी में किसी भी अन्य खाद्य पदार्थ से ज्यादा कोलेस्ट्रॉल होता है। 100 ग्राम अंडे में 1234 मि.ग्रा. कोलेस्ट्रॉल होता है। इसलिए अंडे की जर्दी का सेवन न करें। अगर खाना चाहें, तो उसका सिर्फ सफेद भाग खाएं।
झींगा मछली

झींगा मछली मछलियों में से सबसे अधिक लोकप्रिय मछली है। मछली खाने वाले लोग बहुत चाव से झींगा मछली खाते हैं। शायद वो ये सोचते होंगे कि मछलियों से सेहत को बहुत लाभ होता है लेकिन, झींगा मछली सेहत के लिए नुकसानदायक भी होती है। 100 ग्राम झींगे में 195 मि.ग्रा कोलेस्ट्रॉल पाया जाता है और एक बड़े झींगे में औसतन 11 मि.ग्रा कोलेस्ट्रॉल पाया जाता है। अगर आप झींगा मछली खाना भी चाहते हैं तो उसे उबाल कर खाएं, न कि तेल में पका कर।
पनीर

पनीर किसे पसंद नहीं होता। भारतीयों के खाने में पनीर को अक्सर शामिल किया जाता है। वैसे तो पनीर बहुत फायदेमंद होता है। पनीर में प्रोटीन और कैल्शियम अच्छी मात्रा में पाया जाता है। 100 ग्राम पनीर में 123 मि.ग्रा कोलेस्ट्रॉल पाया जाता है। इसलिए अगर आप अपने खाने से कोलेस्ट्रॉल की मात्रा घटाना चाहते हैं तो अपने खाने से पनीर की मात्रा को घटाना पड़ेगा।
चीज़ बर्गर

क्या शाम के स्नैक में आप चीज बर्गर खाने वाले हैं? ठहरिये। चीज बर्गर खाने से पहले ये भी जान लीजिए कि उसको खाने से आपको कितना कोलेस्ट्रॉल मिलेगा। एक बड़े चीज़ बर्गर में 175 मिलीग्राम कोलेस्ट्रॉल पाया जाता है। साथ में अगर आप कोल ड्रिंक्स, चिप्स और फ्रेंच फ्राइज भी खाने वाले हैं तो इसकी मात्रा और बढ़ सकती है।
प्रोसेस्ड मीट

प्रोसेस्ड मीट में कोलेस्ट्रॉल की उतनी ही मात्रा होगी जितना उसका प्रयोग होगा या प्रोसेसिंग के वक़्त उसमें जितनी वसा मिलायी गयी हो। भेड़ और बतख के मीट में सबसे ज्यादा कोलेस्ट्रॉल पाया जाता है। इनके मुकाबले चिकन में कम कोलेस्ट्रॉल होता है।
आइसक्रीम

आइसक्रीम किसे नहीं ललचाती? लेकिन क्या आपको पता है एक कप आइसक्रीम एक हैमबर्गर से ज्यादा कोलेस्ट्रॉल होता है। कोशिश करें की आपको हाई-कोलेस्ट्रॉल से बचना है तो आइसक्रीम न खाएं। इसकी बजाय आप मीठे में कुछ और ले सकते हैं। सबसे अच्छा रहेगा ताजे फल खाना। फलों में फाइबर, विटामिन और अन्य पोषक तत्व होते हैं और कोलेस्ट्रॉल की मात्रा बहुत कम होती हैं।