गर्मियों में इन 5 तरीकों से उठाएं आम का लुत्फ
फलों के राजा आम के लगभग सभी दीवाने हैं, लेकिन अगर इस गर्मियों में आप रसीले और मीठे आम का लुफ्त अलग-अलग तरीके से उठाना चाहते हैं तो आइए जानें कैसे।

चाहे बड़े हो या बच्चे सभी फलों के राजा आम के दीवाने होते हैं। आम कई प्रकार के होते हैं और हर प्रकार के आम का अपना स्वाद और गुण होता है और इसके विभिन्न प्रकार के व्यंजन भी बनाये जाते हैं। चटनी, अचार, ड्रिंक और मिठाई न जाने क्या-क्या। अगर आप भी आम के दीवाने हैं और इस इस गर्मियों में आप रसीले और मीठे आम का लुफ्त अलग-अलग तरीके से उठाना चाहते हैं तो आइए जानें कैसे।

कच्चे आम और पुदीने की पत्तियों से बना खट्टा मीठा पेय गर्मियों की शान है। गर्मियों में बहुत ज्यादा लू चलने पर यह आपके शरीर को शीतलता व तरावट देता है और गर्मी व लू से भी बचाता है। इसे बनाना बेहद ही आसान है। इसके लिए कच्चे आम, चीनी, भूना जीरा, काला नमक और पुदीने की पत्तियों की जरूरत होती है। इसके लिए कच्चे आम को उबालकर उसका गूदा निकाल लें। फिर इस गूदे में पानी, पुदीने की पत्तियां, भूना जीरा मिलाकर अच्छी तरह से पीस लीजिये। आम का पन्ना तैयार है। बर्फ के टुकड़े डालकर ठंडा-ठंडा परोस कर पीजिये।

गर्मी के मौसम में दही ताजगी और ठंडक देती है। लेकिन अगगर दही में आम का गूदा मिलाकर खाया जाये फिर तो क्या कहने। जी हां दही में आम का गूदा मिलाने से इसका स्वाद कई गुणा बढ़ जाता है। इसे बनाने बहुत ही आसान है, एक ब्लेंडर में मैंगो, दही, शुगर और आइस डालकर अच्छे से मिलाएं। फिर ठंडा-ठंडा सर्व करें।

गर्मियों में पुदीने और कच्चे आम की चटनी बेहद स्वादिष्ट होती है और किसी भी खाने का स्वाद बढ़ा सकती है। यह चटनी न केवल स्वादिष्ट होती है बल्कि आपके स्वास्थ्य के लिए भी अच्छी होती है। इसे बनाना बहुत ही आसान है। इसके लिए आप पुदीने की पत्तियां, कच्चे आम के टुकडें और हरी मिर्च को मिक्सर में महीन पीस लें फिर इसमें स्वादानुसार नमक मिला लें।

गर्मियों की शुरुआत में ही हर गली नुक्कड़ में मिलने वाला मैंगो शेक गर्मियों की शान है। आम और दूध के साथ बने मैंगो शेक को गर्मी के मौसम में नाश्ते में जरूर शामिल करें। इसे बनाने में महज दूध, पके आम के गुदे और चीनी की जरूरत होती है। इसे बनाने में ज्यादा मेहनत भी नहीं लगती।

गर्मियों में ठंडक पहुंचाने वाले कुल्फी को बहुत पसंद किया जाता है। बच्चों को भी कुल्फी खाना बहुत पसंद होता है और अगर ऐसे में उन्हें मैंगो कुल्फी मिल जाए फिर तो कहना ही क्या। कुल्फी बनाने के लिए आपको पैन में दूध, थोड़ा सा मिल्क पाउडर, इलायची पाउडर और चीनी मिलाकर उबालना है। एक बार इसे तेज से उबाले और फिर आंच को धीमा करके दूध को गैस पर ही 20 मिनट तक पकने दें। फिर इसमें इलायची पाउडर मिलाएं। और आंच को बंद कर के दूध को ठंडा होने दें। इसके बाद उसमें आम का गूदा मिलाइये और मिक्स कीजिये। अब इस मिश्रण को कुल्फी के सांचे में डाल कर इसे फ्रिजर में 6 से 8 घंटे के लिये रख दीजिये। आपकी कुल्फी तैयार है।
Image Source : Shutterstock.com
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।