धूम्रपान जितनी खतरनाक हैं रोजाना की ये 5 आदतें, जल्द करें बदलाव
गलत आदतें न सिर्फ आपको बीमार बनाती हैं, बल्कि लंबे समय में ये आपकी उम्र भी घटा सकती हैं। जिस तरह सिगरेट पीना हमारी सेहत के लिए हानिकारक होता है, उसी तरह कई अन्य आदतें भी हमारी सेहत की दुश्मन होती हैं। हम में से ज्यादातर लोग इन आदतों को रोज दोहराते है

गलत आदतें न सिर्फ आपको बीमार बनाती हैं, बल्कि लंबे समय में ये आपकी उम्र भी घटा सकती हैं। जिस तरह सिगरेट पीना हमारी सेहत के लिए हानिकारक होता है, उसी तरह कई अन्य आदतें भी हमारी सेहत की दुश्मन होती हैं। हम में से ज्यादातर लोग इन आदतों को रोज दोहराते हैं और अंजाने में अपनी सेहत खराब करते हैं। इन आदतों के कारण ही आजकल लाइफस्टाइल से जुड़ी बीमारियां जैसे हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, कैंसर और मोटापा आदि काफी बढ़ गई हैं। आइए आपको बताते हैं कौन सी आदतें हैं आपके लिए खतरनाक।

ज्यादातर लोग जो डेस्क जॉब करते हैं, पढ़ाई करते हैं या कोई काम नहीं करते हैं, ऐसे लोग दिन के ज्यादातर समय में एक जगह बैठे होते हैं। लगातार कई घंटे तक बैठे रहना आपकी सेहत के लिए बहुत खतरनाक हो सकता है। लंबे समय तक बैठे रहने के कारण रीढ़ की हड्डी की समस्याएं तो हो ही सकती हैं, इसके अलावा हार्ट अटैक, डायबिटीज, मोटापा और डिप्रेशन भी हो सकता है। आपको जानकर हैरानी होगी कि कई शोधों में ये बात पता चली है कि जो लोग रोजाना लंबे समय तक बैठे रहते हैं, उनकी जिंदगी कम हो जाती है। इसलिए अगर आपका काम बैठने वाला है, तो थोड़े-थोड़े समय में उठकर स्ट्रेचिंग जरूर करें।

कभी-कभार की बात अलग है। मगर यदि आप कोल्ड ड्रिंक्स या सोडा ड्रिंक्स का सेवन बहुत ज्यादा करते हैं, तो ये आपकी सेहत के लिए खतरनाक है। सोडा ड्रिंक्स ज्यादा पीने से दिल की बीमारियों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। इसके अलावा इसमें घुले हाई शुगर के कारण आप हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, लिवर की बीमारियों और हाई कोलेस्ट्रॉल के शिकार हो सकते हैं। सोडा की जगह आप ताजे फलों के जूस पी सकते हैं।

आपको जानकर हैरानी हो सकती है कि अगर आप अपने शरीर की जरूरत से कम सोते हैं, तो आपकी मौत सामान्य से जल्दी होने की संभावना बढ़ जाती है। जी हां, सोना हमारी सेहत के लिए सबसे जरूरी प्रक्रिया है। अगर आप रात में देर तक जागते हैं या 6 घंटे से कम नींद लेते हैं, तो आपको हाई ब्लड प्रेशर और मोटापे की समस्या हो सकती है। इसके अलावा देर तक जागना या नींद पूरी न होने के कारण शरीर में कई हार्मनल बदलाव आ सकते हैं, जिससे हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है।

जो लोग नॉनवेजिटेरियन हैं, उन्हें अक्सर वेजिटेरियन खाना कम पसंद आता है। अगर आप बहुत ज्यादा नॉनवेजिटेरियन खाना जैसे मीट, मछली, चिकन आदि खाते हैं, तो ये भी आपकी सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है। ये बात सच है कि कई ऐसे विटामिन्स हैं, जो हमें सिर्फ मांसाहारी भोजन से मिलते हैं। मगर ज्यादा नॉन वेज खाने से शरीर में एनिमल प्रोटीन की मात्रा बढ़ जाती है, जिसके कारण कैंसर, ट्यूमर जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।

खाना बनाने के लिए तेल का इस्तेमाल हर घर में किया जाता है। रेस्टोरेंट्स या घर में खाना अगर आप तेज आंच में सोयाबीन तेल से खाना बनाते हैं, तो सावधान हो जाएं। दरअसल वनस्पति तेल, घी और सोयाबीन तेल बहुत तेज आंच में विशेष प्रकार के पदार्थ बनाने लगते हैं, जिन्हें एल्डिहाइड और पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन्स कहते हैं। ये दोनों तत्व सिगरेट में भी पाए जाते हैं। इसलिए अपने लिए सही तेल का इस्तेमाल करें।
कुछ लोग समझते हैं कि ऑलिव ऑयल (जैतून के तेल) का प्रयोग बहुत सेहतमंद होता है। मगर आपको बता दें कि ऑलव ऑयल भी बहुत तेज आंच में पकाने पर आपकी सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इसलिए इसका इस्तेमाल भी पूड़ी, पकौड़ी, पकौड़ा, फ्रेंच फ्राइज आदि बनाने के लिए नहीं किया जा सकता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।