
गर्भावस्था में मुनक्का सेहत के लिए फायदेमंद हो सकता है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं किस तरह करें इसका सेवन-
गर्भावस्था के दौरान अधिकतर महिलाओं के शरीर में आयरन की कमी होती है। आयरन की कमी को पूरा करने के लिए डॉक्टर्स सप्लीमेंट्स देते हैं। अगर आप भी गर्भावस्था के दौरान आयरन की कमी से जूझ रही हैं, तो मुनक्का का सेवन करें। मुनक्का किशमिश की तरह दिखने वाला एक ड्राईफ्रूट है। किशमिश की तरह ही यह अंगूर से तैयार किया जाता है। मुनक्का से आप बीज आराम से निकाल सकते हैं। चलिए जानते हैं मुनक्का के कई और भी फायदे और इसमें पाए जाने वाले पोषक तत्वों के बारे में-
क्या कहती हैं एक्सपर्ट
स्त्री एवं प्रसुति रोग विशेषज्ञ डॉक्टर नीरा सिंह कहती हैं कि मुनक्का को घी में फ्राई करके दूध के साथ इसका सेवन करने से गर्भवती महिलाओं को काफी फायदा पहुंचता है। इससे उनकी शरीर में आयरन की कमी पूरी होती है। बस ध्यान रहे कि 1 दिन में 4-5 से अधिक मुनक्का का सेवन नहीं करना चाहिए। इससे आपको नुकसान पहुंच सकता है।
इसे भी पढ़ें - गर्भावस्था में रोजाना खाएं साबूदाना, सेहत को होंगे ये 5 अद्भुत फायदे
मुनक्का में पाए जाने वाले पोषक तत्व
प्रति 100 ग्राम मुनक्का में पाए जाने वाले पोषक तत्व-
- आयरन: 2.59 mg
- ऊर्जा: 296 kcal
- प्रोटीन: 2.52 g
- फैट: 0.54 g
- विटामिन सी: 5.4 mg,
- विटामिन बी-6: 0.188
- सोडियम: 28 mg
- कैल्शियम: 28 mg
- जिंक: 0.18 mg
- पोटैशियम: 825 mg
- मैग्नीशियम: 30 mg
- फॉस्फोरस: 75 mg
- कार्बोहाइड्रेट: 78.47 g
- फाइबर: 6.8 g
- थायमिन: 0.114 mg
- नियासिन: 1.114 mg
मुनक्का खाने के फायदे
आयरन की कमी होगी दूर
गर्भावस्था के दौरान शरीर में आयरन की कमी काफी ज्यादा होती है। ऐसे में मुनक्का का सेवन आपके शरीर में होने वाली आयरन की कमी को पूरा करता है। आयरन हमारे शरीर में रेड ब्लड सेल्स को बढ़ाने का कार्य करती है। इससे शरीर में एनीमिया की शिकायत नहीं होती है। मुनक्का में आयरन भरपूर रूप से होता है, जो गर्भवती महिलाओं के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।
इसे भी पढ़ें - क्या प्रेग्नेंसी में सौंफ खाने से भ्रूण को हो सकता है नुकसान? जानिए क्या हैं इसके फायदे और नुकसान
शरीर को मिलेगी उर्जा
मुनक्का में कैलोरी काफी ज्यादा होता है। ऐसे में गर्भावस्था के दौरान होने वाली कमजोरी को दूर करने में मुनक्का काफी फायदेमंद हो सकता है। नियमित रूप से मुनक्का का सेवन करने से शरीर में होने वाली थकान और कमजोरी दूर होगी।
कब्ज से मिलेगी राहत
गर्भावस्था के दौरान हमारे हार्मोंस में कई तरह के बदलाव होते हैं, जिसकी वजह पेट से संबंधी समस्याएं जैसे-कब्ज, गैस और सीने में जलन जैसी परेशानियां होती हैं। मुनक्का का सेवन करने से पेट में होने वाली ये सभी समस्याएं कंट्रोल में रहती हैं। इसमें फाइबर की अधिकता होती है, जो कब्ज की शिकायत नहीं होने देती है।
हड्डियों के लिए
गर्भावस्था के दौरान कैल्शियमयुक्त आहार का सेवन करने से हड्डियां मजबूत होती हैं। अगर गर्भवती महिलाएं गर्भावस्था के दौरान कैल्शियम नहीं लेती हैं, तो उन्हें आगे चलकर कई परेशानियों का सामना करना पड़ सकता। इसके अलावा भ्रूण के निर्माण के लिए भी कैल्शियम की आवश्यकता होती है। मुनक्का में भरपूर रूप से कैल्शियम होता है। इसलिए अगर आप गर्भावस्था में मुनक्का का सेवन करते हैं, तो आपके शरीर में कैल्शियम की कमी नहीं होती है।
इसके अलावा मुनक्का खाने के कई अन्य फायदे भी होते हैं। गर्भावस्था के दौरान किसी भी चीज के सेवन से पहले एक बार डॉक्टर से सलाह जरूर लें। जिससे आप और आपका शिशु स्वस्थ रहे।
Read More Article On Pregnancy In Hindi
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।