International Yoga Day 2022 : स्वस्थ जीवन के लिए योग को जीवनशैली में शामिल करना जरूरी होता है। यह हमें शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखता है।
आजकल की बिजी लाइफस्टाइल की वजह से लोगों के पास योग और व्यायाम करने का समय नहीं है। लेकिन कोरोना काल में लोगों ने योग के महत्व को अच्छे से समझा है (Importance of Yoga)। इस दौरान लोग अपनी इम्यूनिटी बढ़ाने और तनावमुक्त रहने के लिए योग का सहारा ले रहे हैं। अगर नियमित रूप से योग किया जाए, तो आप शारीरिक और मानसिक तौर से हमेशा स्वस्थ रह सकते हैं। हर साल 21 जून को विश्व योग दिवस मनाया जाता है, इस मौके पर योगा एक्सपर्ट दीपक झा से जानें नियमित रूप से योग करने के फायदे और महत्व (Yoga Benefits and Importance)-
योग मन और तन को संतुष्ट रखने में मदद करता है। एक योग करने वाला व्यक्ति योग न करने वाले व्यक्ति की तुलना में ज्यादा स्वस्थ और खुश रहता है। योग से आंतरिक खुशी मिलती है, आनंद की अनुभूति होती है और मन प्रसन्न रहता है। योग के दौरान ध्यान लगाया जाता है, जो शरीर और मस्तिष्क को मिलाने में मदद करता है।
नियमित रूप से योग करने से शरीर, मन और आत्मा संतुष्ट रहती है (Yoga for Body, Mind and Soul)। आजकल ऑफिस, घर और रिश्तों की वजह से ज्यादातर लोग परेशान रहते हैं, उनमें तनाव रहता है जिससे वे धीरे-धीरे मानसिक बीमारियों से घिर जाते हैं। लेकिन ऐसे में योग का महत्व समझा जा सकता है, योग करने से आप सभी चीजों में संतुलन बनाने में कारगर हो सकते हैं। मन को शांत रखने के लिए योग से बढ़कर कुछ नहीं है।
योग या योगासन करके आप अपने मन और दिमाग को शांत रख सकते हैं। इससे आप मानसिक रूप से एकदम स्वस्थ रह सकते हैं। दरअसल, योग करने से काफी अच्छी नींद आती है जिससे मन शांत रहता है। जिम या एक्सरसाइज से आप शारीरिक रूप से फिट रह सकते हैं, लेकिन योग यानी ध्यान आपको मानसिक सुकून भी देता है। स्वस्थ मन और मस्तिष्क के लिए रोजाना योग का अभ्यास करें।
इसे भी पढ़ें - पित्त दोष को शांत करने के लिए रोज करें ये 3 योगासन
योग शरीर के लिए काफी फायदेमंद होता है। नियमित रूप से योग करने से बीमारियां आस-पास नहीं भटकती है। योग करने वाला व्यक्ति हमेशा स्वस्थ रहता है। योगाभ्यास रोगों से मुक्ति दिलाने में मदद करता है। योग गंभीर से गंभीर बीमारियों से हमारा बचाव करने में मददगार होता है। इतना ही नहीं अगर कोई व्यक्ति गंभीर बीमारी से पीड़ित है, तो योग उससे भी लड़ने की शक्ति देता है।
रोज सुबह-सुबह के समय करना बेहद फायदेमंद होता है। सुबह योग करने से आप पूरे दिन ऊर्जावान रह सकते हैं। यह शरीर से आलस को दूर कर आपको तरोताजा रखने में भी मदद करता है। योग करने वाला व्यक्ति शारीरिक रूप से सक्रिय रहता है, वह तनावमुक्त रहता है और हमेशा खुश नजर आता है। योग व्यक्ति को प्रकृति के पास ले जाता है।
अगर आप रोज योग, प्राणायाम या व्यायाम करते हैं, तो इससे आपका शरीर लचीला बन सकता है। योग पूरे शरीर में ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर बनाता है, जिससे सभी अंग सुचारू रूप से काम करते हैं। एक फ्लैक्सिबल बॉडी पाने की चाहत हर कोई रखता है, ऐसे में योग आपकी मदद कर सकता है।
आजकल लोग शारीरिक रूप से सक्रिय नहीं रह पाते हैं, जिससे वे कई तरह की लाइफस्टाइल बीमारियों का शिकार हो जाते हैं। इसमें मोटापा, हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज बेहद सामान्य हैं। अगर आप इन बीमारियों से बचना चाहते हैं, तो रोग को अपनी दिनचर्या में जरूर शामिल करें। यह खराब जीवनशैली से होने वाली बीमारियों से आपको बचाव करने में मदद करता है। इतना ही नहीं अगर आप इन बीमारियों से पीड़ित हैं, तो भी योग करने से आप काफी हद तक इन्हें नियंत्रण में रख सकते हैं।
इसे भी पढ़ें - एनर्जी डाउन होने पर रोज सुबह खाली पेट करें ये 3 योगासन
योग करने से मांसपेशियों को आराम मिलता है, जिससे नींद अच्छी आती है और तनाव भी कम होता है। साथ ही यह व्यक्ति को बीमारियों से दूर और खुश रखता है, जिससे तनाव और अवसाद खुद ही कम हो जाता है। अगर आप इसका नियमित अभ्यास करते हैं, तो इससे धीरे-धीरे आपका तनाव दूर हो सकता है।
आप भी बीमारियों से मुक्त रहने के लिए अपनी जीवनशैली या दिनचर्या में योग को शामिल कर सकते हैं। योग आपको शारीरिक के साथ ही मानसिक रूप से भी स्वस्थ रखने में मदद करता है। शुरुआत में योग करने के लिए आप किसी योग गुरु की सलाह ले सकते हैं।
Read More Articles on Yoga in Hindi
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।