Vegetables To Avoid In Pregnancy Gastric Problems In Hindi: प्रेगनेंसी में गैस की समस्या से परेशान हैं, तो इन सब्जियों का सेवन करने से बचना चाहिए -
प्रेगनेंसी के दौरान अक्सर महिलाओं को पेट में गैस की समस्या हो जाती है। प्रेगनेंसी में हार्मोनल बदलाव और पाचन तंत्र की गड़बड़ी के कारण गैस और एसिडिटी की समस्या हो सकती है। इसके अलावा, जो गर्भवती महिलाऐं कम पानी पीती हैं, उन्हें भी पेट में गैस की समस्या हो सकती है। प्रेगनेंसी में गैस के कारण काफी परेशानी हो सकती है। इसकी वजह से पेट फूलने और जी मिचलाने की समस्या भी हो सकती है। ऐसे में, गैस की समस्या से बचने के लिए गर्भवती महिला को अपने खानपान का खास ख्याल रखना चाहिए। कुछ ऐसी सब्जियां हैं, जो प्रेगनेंसी में पेट में गैस बनाने का काम करती हैं। अगर आप भी प्रेगनेंसी में गैस की समस्या से परेशान हैं तो इन सब्जियों का सेवन करने से परहेज करें। आइए जानते हैं प्रेगनेंसी में कौन सी सब्जियां पेट में गैस बनाती हैं -
प्रेगनेंसी में हरी सब्जियां खाने की सलाह दी जाती है। लेकिन, प्रेगनेंट महिलाओं को पत्ता गोभी की सब्जी का ज्यादा सेवन नहीं करना चाहिए। प्रेगनेंसी में पत्ता गोभी की सब्जी खाने से पेट में गैस और ब्लोटिंग की समस्या हो सकती है। पत्ता गोभी बादी सब्जी है, जिससे गैस की समस्या बढ़ सकती है। इसलिए, अगर आप प्रेगनेंसी में गैस की समस्या से परेशान हैं तो पत्ता गोभी की सब्जी खाने से परहेज करें।
मूली के परांठे, अचार और सब्जी खाने में बहुत स्वादिष्ट लगते हैं। लेकिन प्रेगनेंट महिलाओं को मूली का ज्यादा सेवन करने से बचना चाहिए। दरअसल, मूली पेट में गैस बनाती है। इसलिए, जिन प्रेगनेंट महिलाओं को गैस बनने की समस्या होती है, उन्हें मूली नहीं खानी चाहिए । इसके साथ ही, मूली खाने के बाद पानी के साथ अजवाइन ले लें। इससे आपको गैस कम बनेगी, साथ ही पेट दर्द नहीं होगा।
प्रेगनेंसी में बैंगन की सब्जी का सेवन करने से मां और बच्चे, दोनों की सेहत को नुकसान हो सकता है। जिन प्रेगनेंट महिलाओं को गैस की परेशानी है, उन्हें भूकर भी बैंगन का सेवन नहीं करना चाहिए। दरअसल, बैंगन पेट में गैस बनाने का काम करता है। इतना ही नहीं, प्रेगनेंसी में ज्यादा बैंगन खाने से एलर्जी और स्किन पर रैशेज की समस्या भी हो सकती है।
इसे भी पढ़ें: प्रेगनेंसी में अपच की समस्या को दूर करेंगे ये 5 घरेलू उपाय
कटहल की सब्जी खाने में बहुत स्वादिष्ट लगती है। लेकिन, प्रेगनेंसी में गैस की शिकायत होने पर कटहल की सब्जी का सेवन करने से परहेज करना चाहिए।दरअसल, कटहल बादी प्रकृति का माना जाता है, इसलिए यह गैस की समस्या को बढ़ा सकता है। इसके अलावा, कटहल को पचाना आसान नहीं होता है, जिससे पेट में गैस और पेट फूलने की समस्या हो सकती है।
टमाटर का इस्तेमाल कई सब्जियों में किया जाता है। लेकिन, टमाटर खाने से पेट में गैस बनने की समस्या हो सकती है। जिन प्रेगनेंट महिलाओं को पाचन संबंधी समस्याएं रहती हैं या गैस की शिकायत रहती है, उन्हें टमाटर खाने से परहेज करना चाहिए। टमाटर खाने से पेट में गैस की समस्या बढ़ सकती है। इसके अलावा, ज्यादा मात्रा में टमाटर का सेवन करने से पथरी की समस्या भी हो सकती है।
इसे भी पढ़ें: गर्भावस्था में गैस और पेट फूलने की समस्या से राहत दिलाएंगे ये 9 घरेलू उपाय
Vegetables To Avoid In Pregnancy Gastric Problems In Hindi: प्रेगनेंसी में गैस की समस्या होने पर आपको बैंगन, पत्ता गोभी, कटहल, टमाटर और मूली की सब्जी का सेवन करने से बचना चाहिए।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।