प्रेगनेंसी में ब्लड प्रेशर लो होने पर दिखते हैं ये लक्षण, जानें इसके कारण और जरूरी सावधानियां

प्रेगनेंसी के दौरान शरीर में होने वाले हार्मोनल बदलाव और जीवनशैली के कारण लो ब्लड प्रेशर की समस्या हो सकती है, जानें इसके लक्षण और बचाव।

Written by: Prins Bahadur Singh Updated at: 2022-05-06 11:56

प्रेगनेंसी के दौरान शरीर में होने वाले हार्मोनल बदलाव के कारण महिलाओं को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। प्रेगनेंसी में महिला के शरीर का वजन भी बढ़ जाता है और इस दौरान जीवनशैली भी पूरी तरह से बदल जाती है। प्रेगनेंसी में ब्लड प्रेशर लो होने की समस्या का सामना अक्सर महिलाओं को करना पड़ता है। दरअसल प्रेगनेंसी के दौरान शरीर में प्रोजेस्टेरॉन हॉर्मोन की वजह से ब्लड की धमनियों में शिथिलता आ जाती है। इसके साथ ही इस दौरान शरीर में हो रहे हार्मोनल बदलाव के कारण ब्लड को हार्ट के माध्यम से शरीर के अलग-अलग अंगों तक ले जाने वाली वाहिकाओं पर गंभीर असर पड़ता है। इसकी वजह से प्रेगनेंसी के दौरान महिलाओं में लो बीपी की समस्या अक्सर देखने को मिलती है हालांकि ब्लड प्रेशर लो होने के लिए कई अन्य कारण भी जिम्मेदार माने जाते हैं। इस दौरान खानपान और लाइफस्टाइल का भी आपके स्वास्थ्य पर सीधा असर पड़ता है। आइये जानते हैं प्रेगनेंसी के दौरान ब्लड प्रेशर लो क्यों होता है? इसके लक्षण क्या हैं? और प्रेगनेंसी में ब्लड प्रेशर लो होने पर क्या करना चाहिए?

प्रेगनेंसी में लो ब्लड प्रेशर के लक्षण (Low Blood Pressure Symptoms During Pregnancy in Hindi) 

ब्लड प्रेशर संतुलित रहने से शरीर के अंगों में रक्त का प्रवाह सही ढंग से होता है और शरीर के सभी अंग सही ढंग से काम करते हैं। स्टार मैटरनिटी हॉस्पिटल की स्त्री और प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ विजय लक्ष्मी के मुताबिक ब्लड प्रेशर की रीडिंग 90एमएमएचजी/60 एमएमएचजी हो या इससे कम हो तो इसे लो ब्लड प्रेशर कहा जाता है। प्रेगनेंसी के दौरान अक्सर महिलाओं को लो बीपी की समस्या होती है, यही कारण है कि डॉक्टर आपको इस दौरान नियमित रूप से ब्लड प्रेशर की जांच करने की सलाह देते हैं। प्रेगनेंसी की शुरुआत में और दूसरे चरण में ब्लड प्रेशर लो होने का खतरा ज्यादा रहता है। ब्लड प्रेशर लो होने पर आपको ये लक्षण दिखाई दे सकते हैं।

इसे भी पढ़ें : गर्भावस्था में महिलाएं इन तरीकों से रख सकती हैं ब्लड प्रेशर को सामान्य, जच्चा-बच्चा रहेंगे स्वस्थ

  • चक्कर आना।
  • खड़े होने पर सिर चकराना।
  • बेहोशी।
  • अत्यधिक कमजोरी।
  • प्यास ज्यादा लगना।
  • त्वचा का पीली पड़ना।
  • सांस फूलना।
  • ध्यान केंद्रित करने में दिक्कत।
  • आंख के सामने अंधेरा छा जाना।

प्रेगनेंसी में लो बीपी के कारण (Low BP During Pregnancy Causes in Hindi)

प्रेगनेंसी के दौरान शरीर में होने वाले हार्मोनल बदलाव के कारण ज्यादातर महिलाओं का ब्लड प्रेशर लो हो जाता है। हालांकि यह जरूरी नहीं है कि प्रेगनेंसी में लो ब्लड प्रेशर की समस्या सिर्फ हार्मोनल बदलाव के कारण ही होती है। इसके लिए कई अन्य कारण भी जिम्मेदार माने जाते हैं। प्रेगनेंसी के दौरान आपका खानपान, जीवनशैली और स्ट्रेस आदि के कारण भी ब्लड प्रेशर लो या हाई हो सकता है। प्रेगनेंसी के शुरूआती 24 हफ्तों में ब्लड प्रेशर लो होने का खतरा ज्यादा रहता है। गर्म पानी से लंबे समय तक नहाना और काफी देर तक खड़े रहना भी प्रेगनेंसी में लो ब्लड प्रेशर की समस्या का कारण हो सकता है। प्रेगनेंसी में लो ब्लड प्रेशर की समस्या के कुछ प्रमुख कारण इस प्रकार से हैं।

  • इन्फेक्शन के कारण।
  • एलर्जी की वजह से।
  • लंबे समय तक बिर्टर पर पड़े रहना।
  • डिहाइड्रेशन की वजह से।
  • संतुलित और स्वस्थ आहार न लेने की वजह से।
  • बहुत ज्यादा स्ट्रेस के कारण।
  • शरीर में खून/आयरन की कमी के कारण।
  • दिल से जुड़ी पुरानी बीमारी के कारण।

प्रेगनेंसी में लो ब्लड प्रेशर होने पर क्या करें? (Low blood Pressure in Pregnancy Prevention Tips in Hindi)

प्रेगनेंसी में लो ब्लड प्रेशर की समस्या के लिए कोई विशेष इलाज नहीं किया जाता है। इसका खतरा ज्यादा होने पर डॉक्टर मरीज को कुछ दवाओं के सेवन की सलाह देते हैं। प्रेगनेंसी में ब्लड प्रेशर लो होने के पीछे आपकी जीवनशैली और खानपान भी जिम्मेदार होते हैं। इसलिए आपको इससे जुड़ी सावधानियों का ध्यान जरूर रखना चाहिए। प्रेगनेंसी में ब्लड प्रेशर के खतरे को कम करने और ब्लड प्रेशर लो होने से बचने के लिए आपको इन बातों का ध्यान जरूर रखना चाहिए।

  • खानपान संतुलित रखें और हेल्दी डाइट लें।
  • पर्याप्त आराम करें लेकिन बहुत देर तक बेड न पड़ी रहें।
  • लंबे समय तक लगातार खड़े होने से बचें।
  • बहुत तेजी से उठने या बैठने से बचें।
  • ज्यादा देर तक गर्म पानी से नहाने से बचें।
  • समय-समय पर कुछ न कुछ खाती रहें।
  • शरीर में पानी की कमी न होने दें।

इसे भी पढ़ें : प्रेगनेंसी में ब्लड प्रेशर कितना होना चाहिए? जानें बीपी बढ़ने से कौन सी परेशानियां हो सकती हैं

इन बातों का ध्यान रखकर आप प्रेगनेंसी के दौरान लो ब्लड प्रेशर की समस्या से बच सकती हैं। इसके अलावा प्रेगनेंसी में लो ब्लड प्रेशर के गंभीर लक्षण जैसे आंखों से धुंधला दिखाई देना, गंभीर सिरदर्द और शरीर सुन्न होने पर आप डॉक्टर की सलाह जरूर लें। प्रेगनेंसी में किसी भी तरह की दवा का सेवन बिना डॉक्टर की सलाह के नहीं करना चाहिए इसलिए कोई भी समस्या होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

(All Image Source - Freepik.com)

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Related News