किसी भी उम्र में जोड़ों का दर्द बढ़ाते हैं हेल्दी लगने वाले ये 5 फूड, जानें किन चीजों के सेवन से कम होगा दर्द

जोड़ों में दर्द किसी को भी हो सकता है और खराब खान-पान के कारण ये स्थिति आम हो गई है, जानें क्या खाएं और क्या नहीं।               

Written by: Jitendra Gupta Updated at: 2020-05-19 14:17

गठिया एक ऐसी स्थिति है, जिसमें किसी भी उम्र के व्यक्ति को कभी भी गंभीर रूप से जोड़ों का दर्द और सूजन होने लगती है। जोड़ों में सूजन या अकड़न होने पर बहुत ज्यादा दर्द होता है। ये स्थिति और भी ज्यादा तब बिगड़ जाती है जब हम ऐसे फूड का सेवन करने लगते हैं, जो हमारी परेशानी को और ज्यादा बढ़ा देते हैं। जोड़ों के दर्द से परेशान लोग अक्सर मांसाहार को छोड़कर शाकाहारी भोजन करने लगते हैं हालांकि कुछ शाकाहारी भोजन भी दर्द को बढ़ा देते हैं। इसके अलावा वे लोग, जो धूम्रपान करते हैं उन्हें गठिया का दर्द होने की संभावना ज्यादा रहती है। वहीं शराब के सेवन से गाउट का खतरा भी अधिक रहता है। हालांकि डॉक्टर इस स्थिति से परेशान लोग संतुलित डाइट और वजन की सलाह देते हैं। जोड़ों की समस्या मौजूदा वक्त की एक आम समस्या बन चुकी है। ये समस्या युवाओं में भी देखने को मिल रही है। इसके पीछे न कहीं न कहीं हमारा खान-पान ही जिम्मेदार है। इस लेख में हम आपको ऐसे फूड के बारे में बता रहे हैं, जो जोड़ों के दर्द की समस्या से बढ़ा सकते हैं। इसके साथ ही हम आपको ऐसे फूड के बारे में भी बताएंगे, जिन्हें खाकर आप राहत पा सकते हैं।        

जोड़ों का दर्द बढ़ा सकते हैं ये फूड 

दूध व डेयरी उत्पाद 

जोड़ों के दर्द से परेशान लोगों को दूध व डेयरी उत्पादों का सेवन कम करना चाहिए । दरअसल इनमें मौजूद प्रोटीन की मात्रा आपके लिए हानिकारक हो सकती है। इसलिए अगर आपको जोड़ों के दर्द की समस्या रहती है तो आपको दूध से बने पदार्थों का सेवन कम करना चाहिए। 

पालक 

जोड़ों के दर्द से परेशान लोगों को पालक का सेवन कम ही करना चाहिए क्योंकि पालक में मौजूद यूरिक एसिड की अधिक मात्रा आपके दर्द को और बढ़ा सकती है। शरीर में यूरिक एसिड की बढ़ी मात्रा आपके लिए हानिकारक हो सकती है। 

टमाटर 

टमाटर के बीजों में भी यूरिक एसिड अधिक पाया जाता है, जिनका अधिक सेवन आपके जोड़ों के दर्द और सूजन को बढ़ा देता है। इसीलिए जोड़ों के दर्द से परेशान लोगों को टमाटर का सेवन कम कर देना चाहिए।       

इसे भी पढ़ेंः जोड़ों के दर्द का काल हैं ये 5 नुस्खे, देते हैं तुरंत आराम

वेजिटेबल ऑयल

इस समस्या से परेशान लोगों को वेजिटेबल ऑयल कम खाना चाहिए। जोड़ों के दर्द से परेशान लोगों को अपना भोजन सरसों के तेल में ही पकाना चाहिए। सरसों का तेल वेजिटेबल ऑयल के मुकाबले ज्यादा सेहतमंद होता है।

लाल मीट 

जोड़ों के दर्द से परेशान रोगियों को लाल मीट का सेवन कम ही करना चाहिए क्योंकि लाल मीट में फास्फोरस की मात्रा बहुत ज्यादा पाई जाती है और इस कारण जोड़ों में दर्द अधिक होने लगता है।  

इसे भी पढ़ेंः 1' डली गुड़ और थोड़े से चने रोजाना खाएं, जोड़ों के दर्द से निजात पाएं 

जोड़ों के दर्द से राहत दिलाएंगे ये फूड

ड्राई फ्रूट यानी के सूखे मेवे 

जोड़ों के दर्द से परेशान रोगियों को अखरोट ,बादाम, किशमिश आदि जैसे ड्राई फ्रूट का सेवन करना चाहिए क्योंकि इनमें मौजूद जरूरी विटामिन और मिनरल्स आपके शरीर के लिए बेहद फायदेमंद माने जाते हैं। 

मेथी के दाने

जोड़ों के दर्द से परेशान लोगों के लिए मेथी के दाने बहुत ही फायदेमंद माने जाते हैं। गर्मियों में आप मुठ्ठी भर मेथी दानों को पानी में भिगोकर खाने से जोड़ों के दर्द से राहत मिलती है। वहीं आप चाहें तो मेथी के दानों का पाउडर बनाकर भी खाली पेट इसका सेवन कर सकते हैं। इस प्रकार मेथी के दाने का सेवन करने से आपको जोड़ों के दर्द से राहत मिलती है। 

मछली 

जोड़ों के दर्द से परेशान लोगों को मछली या  फिर मछली का तेल खाने की सलाह दी जाती है। दरअसल मछली में ओमेगा-3 फैटी एसिड होता है, जो जोड़ो की समस्या में काफी राहत देने का काम करता है।  

अदरक, लहसुन का सेवन

अदरक और लहसुन के सेवन से भी जोड़ों के दर्द से राहत मिलती है। इन दोनों फूड में पाए जाने वाले औषधीय गुण आपको दर्द और सूजन से राहत दिलाने का काम करते हैं।    

जोड़ों के दर्द से राहत पाने के अन्य उपाय   

जोड़ों की समस्या से राहत पाने के लिए हमें वात बढ़ाने वाली चीजों का सेवन कम ही करना चाहिए। शरीर में कैल्शियम की मात्रा संतुलित रखनी चाहिए। रोजाना तिल के तेल या फिर जैतून के तेल की मालिश करनी चाहिए। इसके अलावा थोड़ी देर धूप में बैठकर भी इस समस्या से राहत पाई जा सकती है।  

Read More Articles On Other Diseases in Hindi 

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Related News