World Health Day 2020: कभी नहीं पड़ेंगे बीमार अगर आज से ही फॉलो करेंगे यह पर्सनल हाइजीन टिप्स

World Health Day 2020: स्वस्थ रहने के लिए इस बार विश्व स्वास्थ्य दिवस पर आप बीमारियों से बचने का संकल्प लें और इन 7 टिप्स को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं

Written by: Anurag Anubhav Updated at: 2020-04-06 16:38

7 अप्रैल को पूरा विश्व वर्ल्ड हेल्थ डे (World Health Day) मनाता है। दुनियाभर में लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए इस विशेष दिन को मनाया जाता है। हममें से ज्यादातर लोग समझते हैं कि स्वस्थ रहने के लिए हमें खाने-रहने और जीने के लिए मंहगे संसासध और सुविधाएं चाहिए। लेकिन आपको बता दें कि अच्छी सेहत के लिए आपको कुछ नहीं केवल सफाई रखने की जरूरत है। बचपन से ही आपको समझाया जाता है कि अपने शरीर, अपने कमरे, अपने घर और अपने आस-पास साफ-सफाई रखो, नहीं तो बीमारियां फैल जाएंगी। बीमारियां इंसान की जिंदगी का हिस्सा हैं। जब कभी हमारे शरीर को अपना काम करने में कोई परेशानी होती है, तो बीमारियों या शारीरिक परेशानियों के रूप में वो हमें इसका संकेत देता है। इस संकेत को समझकर हम बीमारी का इलाज करते हैं। ऐसी बहुत सी बीमारियां हैं, जो साफ-सफाई न रखने से फैलती हैं। इसलिए जीवन में साफ-सफाई का बहुत महत्व है। अगर आप अपने जीवन में कुछ विशेष आदतों को अपना लें, तो बहुत सारी बीमारियां, संक्रमण और शारीरिक परेशानियां आपको छू भी नहीं पाएंगी। आइये आपको बताते हैं क्या हैं वे आदतें।

शरीर की रोजाना सफाई जरूरी है

बीमारियों का खतरा सबसे ज्यादा शरीर की सफाई न करने से ही होता है इसलिए रोजाना शरीर की सफाई करना जरूरी है। अगर आपको पानी की उपलब्धता की कोई परेशानी नहीं है, तो आपको रोज नहाना चाहिए। अगर आप किसी कारण से रोज नहीं नहा सकते हैं तो कम से कम रोज शरीर की गीले कपड़े से सफाई जरूर करें और सप्ताह में कम से कम दो बार जरूर नहाएं।

इसे भी पढ़ें:- ज्यादातर लोग नहीं जानते खाने से पहले और शौच के बाद कैसे धुलना चाहिए हाथ

बालों को शैम्पू करें

शरीर की सफाई के साथ-साथ बालों की सफाई भी बहुत जरूरी है इसलिए अपने बालों को एक निश्चित अंतराल पर शैंपू करें। शैंपू करने से बालों में जमी हुई धूल, मिट्टी और कण साफ हो जाते है्ं और रोमछिद्र खुल जाते हैं। शैंपू करने के बाद बालों में कोई लाइट हेयर ऑयल या हेयर सीरम लगा लेते हैं, तो बालों में शाइनिंग आ जाती है और बाल खूबसूरत लगने लगते हैं।

रोजाना ब्रश करना जरूरी है

आमतौर पर लोग रोजाना ब्रश करते ही हैं। मगर कुछ लोगों की आदत होती है कि वो ब्रश करने से पहले चाय, कॉफी या हल्का-फुल्का नाश्ता कर लेते हैं और बाद में ब्रश करते हैं। ये आदत गलत है क्योंकि सोने के दौरान मुंह में कई तरह के हानिकारक वायरस और बैक्टीरिय पैदा हो जाते हैं। इसलिए आप जब भी ज्यादा देर तक सोने के बाद उठते हैं, तो बिना ब्रश किए आपको कुछ भी नहीं खाना चाहिए।

हाथों की सफाई

शरीर में बीमारियां फैलने का सबसे आम जरिया आपके हाथ होते हैं। दिन भर चीजों को छूते और काम करते हुए आपके हाथों में ढेर सारी गंदगी और वायरस चिपक जाते हैं। जब आप कुछ खाते हैं या खाना बनाते हैं, तो यही वायरस खाने पीने की चीजों के साथ आपके शरीर में प्रवेश कर जाते हैं और आपको बीमार बनाते हैं। इसलिए खाने-पीने से जुड़े किसी भी काम को करते समय आपको अपने हाथों को अच्छे से धुलकर सफाई करनी चाहिेए।

इसे भी पढ़ें:- सावधान! आपका मोबाइल फोन आपको दे सकता है ये 5 गंभीर बीमारियां

नाखून जरूर काटें

एक निश्चित समयांतराल पर नाखूनों को काटना जरूरी है क्योंकि नाखूनों से भी बहुत सारी बीमारियां फैलती हैं। बढ़े हुए नाखून के अंदर तमाम बीमारियों के वायरस और ढेर सारी गंदगी भरी होती है जो खाने-पीने के दौरान आपके पेट में चली जाती है। इसके अलावा नाखूनो से आपको एथलीट फुट्स, डायरिया, हैजा आदि बीमारियां हो सकती हैं। इसलिए अपने हाथ और पैरों के नाखूनों को रेगुलर काटें और साफ करें।

जरूरत से कम न सोएं

आजकल इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज जैसे मोबाइल, टैबलेट, लैपटॉप आदि पर सोशल मीडिया और गेमिंग की आदत की वजह से लोग ठीक से सो नहीं पा रहे हैं। सोना हमारे मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ शारीरिक स्वास्थ्य के लिए भी बहुत जरूरी है। अगर आप ठीक से नहीं सो पात हैं तो आपको स्ट्रेस, डिप्रेशन, मोटापा, दिल की बीमारियां, स्लीप एप्निया और अन्य कई बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा कम सोने से आपके रोजमर्रा के काम भी प्रभावित होते हैं।

Read More Articles On Healthy Living In Hindi

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Related News