सुबह आंखों से पानी क्यों आता है? ये हो सकते हैं कारण

By Aditya Bharat
06 May 2025, 17:30 IST

सुबह उठते ही आंखों से पानी आना कई लोगों के लिए आम समस्या है। यह एलर्जी, संक्रमण या आंखों की थकान का संकेत हो सकता है। आइए जानते हैं डॉ. नरेंद्र सिंह से कि आखों की इस समस्या के क्या कारण हो सकते हैं।

एलर्जी की समस्या

धूल, धुआं, पालतू जानवरों के बाल या फूलों के पराग से एलर्जी होने पर आंखों से पानी आ सकता है। आंखों में खुजली, जलन और सूजन भी हो सकती है। यह समस्या सुबह ज्यादा होती है।

सर्दी-जुकाम का असर

बदलते मौसम में सर्दी-जुकाम से नाक बंद हो सकती है, जिससे आंखों पर असर पड़ता है। इस दौरान आंखें लाल हो सकती हैं और उनसे लगातार पानी आ सकता है। समय पर इलाज जरूरी है।

धूल और प्रदूषण

प्रदूषण और धूलकण आंखों में जलन पैदा कर सकते हैं। इससे आंखों की नमी प्रभावित होती है और आंखें ज्यादा आंसू बनाने लगती हैं। आंखों को साफ पानी से धोना इस समस्या को कम कर सकता है।

आंखों की रोशनी कमजोर होना

आंखों की रोशनी कमजोर होने पर आंखों में तनाव बढ़ जाता है। लंबे समय तक स्क्रीन देखने से ड्राइनेस बढ़ती है, जिससे आंखों से पानी आने लगता है। नियमित आंखों की जांच कराना फायदेमंद हो सकता है।

पलकों में सूजन

पलकों में सूजन आने पर आंखों में खुजली, जलन और पानी आने की समस्या हो सकती है। यह इंफेक्शन, बैक्टीरिया या गंदगी के कारण हो सकता है। साफ-सफाई और सही इलाज से इसे ठीक किया जा सकता है।

आंखों की ड्राइनेस

रातभर आंखें बंद रहने से उनकी नमी कम हो सकती है। इस वजह से आंखें ज्यादा आंसू बनाने लगती हैं ताकि नमी बनी रहे। यह ड्राई आई सिंड्रोम का संकेत भी हो सकता है।

कब डॉक्टर के पास जाएं?

अगर आंखों से लगातार पानी आता है, खुजली, जलन या दर्द होता है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। लंबे समय तक यह समस्या बनी रहे तो डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है।

आंखों को स्वस्थ रखने के लिए उनकी साफ-सफाई का ध्यान रखना जरूरी है। जरूरत महसूस हो तो डॉक्टर की सलाह लें।स्वास्थ्य से जुड़ी और जानकारी के लिए पढ़ते रहें onlymyhealth.com