दांत का दर्द अक्सर मामूली लगता है, लेकिन इसके पीछे गंभीर कारण हो सकते हैं। अगर समय पर इलाज न हो तो यह बड़ी समस्या बन सकता है। इसलिए दर्द को नजरअंदाज न करें। तो आइए फिजिशियन डॉक्टर सीमा यादव से जानते हैं कि किन कारणों से दांतों में दर्द होते हैं।
दांत में सड़न से दर्द
दांत के अंदर बैक्टीरिया के कारण सड़न हो जाती है, जिससे तेज दर्द महसूस होता है। यह कैविटी का संकेत हो सकता है और समय रहते इलाज न किया जाए तो संक्रमण बढ़ सकता है।
मसूड़ों की सूजन या पायरिया
मसूड़ों में सूजन या पायरिया के कारण भी दांतों में दर्द हो सकता है। इससे मसूड़े कमजोर हो जाते हैं और दांत हिलने लगते हैं। सही देखभाल से इसे रोका जा सकता है।
ढीली फिलिंग की समस्या
अगर आपके दांत में पुरानी फिलिंग है और वह ढीली हो गई है, तो इससे भी दर्द की शिकायत हो सकती है। ढीली फिलिंग से खाना फंसता है और दांत में सेंसिटिविटी बढ़ती है।
मुंह के अल्सर से दर्द
मुंह में छाले या अल्सर होने पर चबाते समय या बोलते समय दर्द हो सकता है। यह परेशानी सामान्य लग सकती है लेकिन लंबे समय तक बनी रहे तो डॉक्टर को जरूर दिखाएं।
अकल दाढ़ का आना
जब अकल दाढ़ निकल रही होती है, तो दांतों के पीछे सूजन और दर्द होता है। यह प्रक्रिया काफी असहज हो सकती है और कई बार सर्जरी की भी जरूरत पड़ सकती है।
जबड़े या मुंह में चोट
कभी-कभी खेलते या गिरते वक्त जबड़े या मुंह में चोट लग जाती है, जिससे दांत में अंदरूनी नुकसान हो सकता है और दर्द होता है। इस स्थिति में डेंटल एक्स-रे जरूरी होता है।
दर्द को नजरअंदाज न करें
दांत का दर्द अगर बार-बार हो रहा है, तो उसे नजरअंदाज न करें। ये किसी बड़ी डेंटल बीमारी का संकेत हो सकता है। जल्द जांच और इलाज से परेशानी को बढ़ने से रोका जा सकता है।
दांत में दर्द होना एक आम लेकिन परेशान करने वाली समस्या है। दांत दर्द की सही वजह जानना और उस हिसाब से इलाज कराना जरूरी है। हेल्थ से जुड़ी और जानकारी के लिए पढ़ते रहें onlymyhealth.com