थायरॉइड की समस्या भारत में तेजी से बढ़ रही है, लेकिन इसके कई लक्षण इतने आम होते हैं कि डॉक्टर भी अक्सर उन्हें नजरअंदाज कर देते हैं। इसका नतीजा यह होता है कि सही इलाज में देर हो जाती है और मरीज की स्थिति बिगड़ सकती है। ऐसे में आइए Pubmed की रिपोर्ट से जानें उन लक्षणों के बारे में।
थकावट को हल्के में ले लेना
जब कोई लगातार थकावट महसूस करता है, तो अक्सर उसे सिर्फ नींद की कमी या तनाव मान लिया जाता है। मगर यही थायरॉइड की सबसे आम पहचान भी हो सकती है, जो चुपचाप शरीर को प्रभावित कर रही होती है।
बिना कारण वजन बढ़ना
खाने-पीने में कोई बदलाव न होने पर भी अगर वजन बढ़ रहा है, तो यह हाइपोथायरॉइडिज्म का संकेत हो सकता है। डॉक्टर इसे सामान्य मोटापा या लाइफस्टाइल की दिक्कत मान कर टेस्ट करवाने से चूक जाते हैं।
मूड का अचानक बदलना
अगर कोई व्यक्ति बिना वजह चिड़चिड़ा हो रहा है, उदास रहने लगा है या फिर छोटी-छोटी बातों में तनाव लेता है, तो यह मानसिक स्वास्थ्य की समस्या भी हो सकती है, लेकिन कई बार इसके पीछे थायरॉइड हार्मोन की गड़बड़ी छिपी होती है।
बालों का झड़ना और स्किन की समस्याएं
जिन लोगों को थायरॉइड होता है, उनमें बाल तेजी से झड़ सकते हैं और स्किन रूखी हो जाती है। आमतौर पर इसे ब्यूटी या डाइट की समस्या मान लिया जाता है, जबकि यह शरीर के भीतर चल रहे हार्मोन असंतुलन का नतीजा हो सकता है।
ठंड का ज्यादा लगना
अगर किसी को सामान्य मौसम में भी ज्यादा ठंड लगती है, तो यह शरीर की मेटाबॉलिज्म दर के धीमे हो जाने का संकेत है। यह थायरॉइड के कारण हो सकता है, लेकिन अक्सर इसे उम्र या कमजोरी से जोड़ दिया जाता है।
पीरियड्स की अनियमितता
महिलाओं में पीरियड्स अनियमित हो जाना थायरॉइड की गड़बड़ी से भी हो सकता है। मगर कई बार इसका इलाज हार्मोनल दवाओं से कर दिया जाता है, और असली वजह छूट जाती है।
गला भारी लगना
कई मरीजों को यह शिकायत होती है कि उनकी आवाज भारी लग रही है या गले में कुछ अटका सा महसूस होता है। यह थायरॉइड ग्लैंड में सूजन का लक्षण हो सकता है, मगर ENT स्तर तक जांच सीमित रह जाती है।
थायरॉइड के लक्षण बहुत सामान्य लग सकते हैं, लेकिन अगर वे लंबे समय तक बने रहें तो इन्हें नजरअंदाज़ करना खतरनाक हो सकता है। समय पर TSH और अन्य थायरॉइड टेस्ट करवाकर सही इलाज शुरू किया जा सकता है। सेहत से जुड़ी और जानकारी के लिए पढ़ते रहें onlymyhealth.com