बच्चों का पाचन तंत्र कमजोर होता है, जिससे वे अक्सर उल्टी-दस्त का शिकार हो जाते हैं। डिहाइड्रेशन, संक्रमण और गलत खानपान इसके मुख्य कारण हो सकते हैं। ऐसे में हल्के और पोषक फूड्स देना जरूरी होता है। तो आइए फिजिशियन डॉक्टर संजय महाजन से जानते हैं कि बच्चों को दस्त होने पर क्या खिलाना चाहिए।
मूंग दाल की खिचड़ी
मूंग दाल और चावल से बनी खिचड़ी दस्त में बच्चों के लिए सबसे फायदेमंद होती है। यह हल्की, पचने में आसान और पोषण से भरपूर होती है। इसमें हींग मिलाकर देने से पाचन और भी बेहतर होता है।
उबली हुई सब्जियां दें
दस्त में बच्चों को उबली हुई सब्जियां जैसे गाजर, मटर और आलू खिलाएं। ये फाइबर युक्त होती हैं, पचने में आसान होती हैं और आंत की सूजन को कम करती हैं। सब्जियों का सूप भी बहुत लाभकारी है।
केला खिलाएं
केला दस्त में बहुत लाभकारी होता है। यह न सिर्फ मल को सख्त करता है, बल्कि शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी को भी पूरा करता है। बच्चे इसे आसानी से खा लेते हैं और यह स्वाद में भी अच्छा होता है।
प्रोबायोटिक्स जरूर दें
दही और छाछ जैसे प्रोबायोटिक फूड्स अच्छे बैक्टीरिया को बढ़ाते हैं। ये बच्चों के पाचन को दुरुस्त करते हैं और दस्त से राहत दिलाने में मदद करते हैं। हर दिन एक छोटा कटोरा दही देना फायदेमंद है।
तरल पदार्थ की भरपूर मात्रा
दस्त में शरीर से पानी और मिनरल्स निकल जाते हैं। बच्चों को अधिक से अधिक पानी, नारियल पानी या ORS पिलाएं। इससे डिहाइड्रेशन नहीं होगा और ऊर्जा बनी रहेगी। सादा पानी भी बार-बार पिलाएं।
नींबू पानी में काला नमक और शहद
नींबू पानी दस्त के बैक्टीरिया से लड़ने में मदद करता है। इसमें थोड़ा काला नमक और शहद मिलाकर बच्चों को देने से इलेक्ट्रोलाइट्स की पूर्ति होती है और पाचन सुधरता है।
क्या न खिलाएं?
दस्त के दौरान बच्चों को तली-भुनी चीजें, डेयरी उत्पाद (दूध) और जूस से दूर रखें। ये पाचन को बिगाड़ सकते हैं। भारी भोजन दस्त को और बढ़ा सकता है, इसलिए हल्का और सुपाच्य खाना ही दें।
अगर दस्त 2 दिन से ज्यादा चले, बच्चा कमजोर लगे या बार-बार उल्टी हो रही हो, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें। हेल्थ से जुड़ी और जानकारी के लिए पढ़ते रहें onlymyhealth.com