मानसून के मौसम में नमी और तापमान के कारण हमारी पाचन क्रिया कमजोर हो जाती है, जिससे गैस, कब्ज और पेट दर्द जैसी समस्याएं होने लगती हैं। ऐसे में खानपान और लाइफस्टाइल में कुछ आसान बदलाव करके आप इन समस्याओं से बच सकते हैं।
एक्सपर्ट की सलाह
यहां जिंदल नेचरक्योर इंस्टीट्यूट की डिप्टी चीफ मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर विनोदा कुमारी ने मानसून में पाचन ठीक रखने के लिए कुछ टिप्स बताए हैं।
पानी पीना न भूलें
मानसून में प्यास कम लगती है, जिससे हम कम पानी पीते हैं। लेकिन हाइड्रेटेड रहना पाचन के लिए जरूरी है। दिनभर में कम से कम 8-10 गिलास पानी जरूर पिएं।
थोड़ी बहुत एक्सरसाइज करें
बरसात में बाहर जाना मुश्किल होता है, लेकिन घर पर योग, स्ट्रेचिंग या हल्की वॉक करें। फिजिकल मूवमेंट पाचन क्रिया को सुचारू बनाए रखता है।
कम करें मसालेदार खाना
बरसात में समोसे, पकौड़े और चाट जैसी चीजें खाने का मन करता है, लेकिन ये आपके पेट के लिए नुकसानदायक हो सकती हैं। इनसे गैस और एसिडिटी बढ़ती है।
स्ट्रीट फूड से दूरी बनाएं
मानसून में बाहर का खाना, खासकर स्ट्रीट फूड बैक्टीरिया से भरा हो सकता है। यह फूड पॉइजनिंग और पेट के संक्रमण की वजह बन सकता है। इसलिए घर का साफ-सुथरा खाना ही खाएं।
ताजा खाना ही खाएं
ठंडा और बासी खाना मानसून में जल्दी खराब होता है। इस मौसम में ताजा, गरमागरम खाना पाचन के लिए सही होता है और संक्रमण का खतरा भी कम होता है।
डाइट में फाइबर शामिल करें
फल, सब्जियां और साबुत अनाज में फाइबर होता है जो कब्ज और पेट फूलने की समस्या को कम करता है। मानसून में इनका सेवन जरूर करें।
मानसून में सिर्फ सही खानपान ही नहीं, बल्कि भरपूर नींद और तनाव से दूर रहना भी पाचन को दुरुस्त रखने में मदद करता है। हेल्थ से जुड़ी और जानकारी के लिए पढ़ते रहें onlymyhealth.com