बदलते मौसम में अक्सर लोग बीमार पड़ जाते हैं। वजह है आपके शरीर में रोगों से लड़ने की क्षमता की कमी होना। इसलिए जरूरी है कि आप हर मौसम में पौष्टिक आहार लें जिससे आपके शरीर में प्रतिरोधक क्षमता बढ़ जाए और आप निरोग रहें। इसके लिए जरुरी है यह जानना कि मौसम के अनुसार आपका खानपान कैसा हो। आईए जानें किस मौसम में क्या खाएं-
सर्दियों में कैसा हो खान-पान
- सर्दी के मौसम में शरीर की पाचन शक्ति बढ़ जाती है। इसलिए इस मौसम में पौष्टिक आहार लेकर आप खुद को मौसमी बीमारियों की चपेट में आने से बचा सकते हैं।
- हरी सब्जियों और मौसमी फलों को अपनी डाइट में शामिल करके आपके शरीर को पोषक तत्व तो मिलेंगे ही साथ ही रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ने से ठंड के मौसम में बीमारियों का डटकर मुकाबला कर सकते हैं।
- सलाद के रूप में गाजर व मूली को शामिल करें। लेकिन इस बात का ध्यान रखें कि मूली, शलगम और फलों में अमरूद व केला रात के समय बिल्कुल ना लें।
- सर्दी के मौसम में ठंडी और खट्टी चीजें नहीं खाना चाहिए क्योंकि इनके सेवन से गला खराब होने का खतरा बना रहता है।
- कई लोगों को खाने के बाद मीठा खाने की आदत होती है। ऐसे में गुड़ का सेवन आपके पाचन तंत्र के लिए सही है।
- पानी को हल्का गर्म करके ही पीएं।
गर्मियों में कैसा हो खान-पान
गर्मियों में ज्यादा खाना खाने से बचना चाहिए। जितनी भूख हो उतना ही खाए। इस मौसम में ज्यादा तला भुना खाना आपकी सेहत के लिए नुकसानदेह होता है । गर्मियों में ज्यादातर फूड पॉयजनिंग व लू लगने की समस्या होती है।
- गर्मी में शरीर को तरल पदार्थ की ज्यादा जरुरत होती है। सत्तू और शीतल जल का मिश्रण पेट के लिए काफी अच्छा होता है।
- शाकाहारी लोगों के लिए चना और दाल का सूप आदि फायदेमंद हैं।
- इस मौसम में छाछ या मट्ठा पीना सेहत के लिए अच्छा है।
- भोजन में खट्टा, नमक, घी तथा तेल का प्रयोग कम करें।
- गर्मी में सामान्य रूप से सब्जियों में लौकी, फूलगोभी, भिंडी और परवल खा सकते हैं.
- गर्मियों में सलाद के रुप में ककड़ी, खीरा आदि का सकते हैं।
मानसून में कैसा हो खान पान
बरसात का मौसम अपने साथ कई बिमारियां भी लेकर आता है। सबसे ज्यादा लोग इस समय ही बीमार पड़ते हैं। मौसम में अचानक आया परिवर्तन आपके स्वास्थ्य पर बुरा असर डालता है। ऐसे में यदि खान-पान को लेकर थोड़ी सावधानी बरती जाए तो मौसम का आनन्द उठाते हुए आप खुद को स्वस्थ भी रख सकते हैं।
- इस मौसम में दाल, सब्जि़यां व कम वसा युक्त आहार खाएं।
- जौ, जई, बाजरा जैसे अनाज ऐसे मौसम के लिए उपयुक्त हैं।
- ब्रोकोली, लहसुन, प्याज़, आंवले को खाने शामिल करें।
- सबसे ज्यादा बिमारियों की जड़ पानी है। इसलिए इस मौसम में पानी उबालकर ठंडा कर फ्रिज में रखें।
- पत्तेंदार सब्जि़यों वाले खाने से बचें, क्योंकि इसमें सेल्यूलोज़ होता है जो ठीक प्रकार से नहीं पच पाता।
- स्ट्रीट फूड व फास्ट फूड न खाएं।

इस जानकारी की सटिकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है । इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमाईहैल्थ की नहीं है ।