अगर हम यह कहें कि कंप्यूटर जैसी आधुनिक मशीनें हमारे स्वास्थ्य को नहीं सुहातीं, तो इसमें कोई दो राय नहीं होगी। घंटों लैपटाप या कंप्यूटर के आगे बैठना आज हमारी मजबूरी बन गया है। लेकिन हम हर हाल में कंप्यूटर पर निर्भर हैं और इसके नकारात्मक प्रभावों को नकार भी नहीं सकते।
आंखों में तनाव के अलावा सरदर्द, कमरदर्द, कंधों का दर्द, गर्दन दर्द जैसी समस्याएं होना बहुत ही आम है। कुछ सामान्य उपाय अपनाकर कंप्यूटर से होने वाले इन नकारात्मक प्रभावों से बचा जा सकता है।
अपनायें यह टिप्स:
- अगर आपको लगातार आफिस में मानीटर के सामने बैठना है, तो हर 30 से 40 मिनट पर ब्रेक लेते रहें। ऐसा करने से ना केवल आपकी आंखों को आराम मिलेगा बल्कि आपके पैरों में रक्त का संचार भी ठीक रहेगा।
- खिड़की के बाहर की प्राकृतिक हरी या नीली वस्तुओं को देखने की कोशिश करें। इससे आपकी आंखों को आराम मिलेगा। जितना हो सके पलकों को झपकाने की कोशिश करें।
- आंखों में तनाव होने पर ठंडे पानी के छींटे मारें।
- अगर आप चश्मा लगाते हैं, तो दिन में एक बार चश्मे को धोलें। ऐसा करने से चश्मे में मौजूद धूल के कण निकल जायेंगे ।
- कंधों को आराम देने की कोशिश करें, इसके लिए आप काम के बीच बीच में अपने कंधों को 10 सेकण्ड के लिए घुमा सकते हैं।
- गर्दन को एक ही स्थिति में ना रखें और सर को भी 5 सेकण्ड के लिए आगे-पीछे और दायें-बायें घुमाएं।
- हल्का खाना खायें क्योंकि आपको पूरा दिन बैठकर काम करना है।
आज स्वयं की तुलना अपने माता-पिता के समय से नहीं कर सकते क्योंकि आप अपना अधिकतर समय बैठकर करने वाले कामों में लगाते हैं। अच्छा खान-पान और व्यायाम आधुनिक युग की आवश्यकता है।

इस जानकारी की सटिकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है । इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमाईहैल्थ की नहीं है ।